स्थानीय समयानुसार 8 से 11 जुलाई तक, अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) और संयुक्त राष्ट्र की कई एजेंसियों के संयुक्त आयोजन में “एआई फॉर गुड ग्लोबल समिट” स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित किया गया। दुनिया भर के अनुसंधान संस्थानों, कंपनियों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि इसमें शामिल हुए। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के नए अनुप्रयोगों पर चर्चा की और इस बात पर विचार किया कि एआई का उपयोग मानव समाज की बेहतर सेवा के लिए कैसे किया जा सकता है।
शिखर सम्मेलन के दौरान, चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) को “एआई+ के साथ जीत” (Winning with AI+) नामक विशेष अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया। इस कार्यक्रम में विशेष साक्षात्कारों और मौके पर की गई रिपोर्टिंग के जरिए एआई के क्षेत्र में हो रहे नए विकास और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया।
“एआई+ के साथ जीत” कार्यक्रम से जुड़े थिंक टैंक के प्रतिनिधि वांग च्येन ने रिकॉर्डिंग स्थल पर अपनी “उद्यमिता” की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम “एआई फॉर गुड ग्लोबल समिट” की विशेष रिकॉर्डिंग के लिए जिनेवा पहुंचा। उनके अनुसार, यह न सिर्फ कार्यक्रम के वैश्विक विस्तार का अवसर था, बल्कि दुनिया भर के एआई विशेषज्ञों और विचारकों को अपने अनुभव, उपलब्धियां और विचार साझा करने का एक महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय मंच भी मिला।
मानवरूपी रोबोट और स्मार्ट चश्मों से लेकर शिक्षा, सुगम पहुंच सेवाओं और आपदा पूर्व चेतावनी जैसी तकनीकों तक, एआई अब प्रयोगशालाओं से निकलकर उद्योगों और लोगों के दैनिक जीवन का हिस्सा बन रही है। यही वजह है कि यह दुनिया भर में चर्चा का एक अहम विषय बन चुकी है।
सीएमजी को दिए एक साक्षात्कार में आईटीयू के दूरसंचार मानकीकरण ब्यूरो के उप निदेशक और अध्ययन समूह एवं नीति विभाग के प्रमुख बिलेल जमौसी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह शिखर सम्मेलन सभी हितधारकों को एक मंच पर लाने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में चीन अग्रणी देशों में शामिल है। इसकी झलक इस शिखर सम्मेलन में प्रदर्शित रोबोटिक्स, इंटेलिजेंट एजेंट, चैटबॉट, बड़े भाषा मॉडल और स्वास्थ्य, शिक्षा तथा कृषि जैसे क्षेत्रों में डिजिटल तकनीक के विभिन्न अनुप्रयोगों में साफ़ दिखाई देती है।
जानकारी के अनुसार, शिखर सम्मेलन के दौरान चाइना मीडिया ग्रुप के ऑडियोविजुअल न्यू मीडिया सेंटर को चीन प्रदर्शनी क्षेत्र में “एआई+ के साथ जीत” विशेष अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया। इस कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों, एआई विशेषज्ञों, चीनी प्रौद्योगिकी कंपनियों के प्रतिनिधियों और कार्यक्रम के दोनों सत्रों के अतिथियों ने भाग लिया। सभी ने एआई के नवाचार, औद्योगिक अनुप्रयोगों और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग जैसे विषयों पर विचार साझा किए।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
मेष: दिन शुभ रहेगा...