Site icon Dainik Savera Times

पहली छमाही: चीन के रोबोट निर्यात में जबरदस्त उछाल, 6.29 अरब युआन का निर्यात

China Robotics Industry

China Robotics Industry

चीनी राज्य परिषद के सूचना कार्यालय ने 14 जुलाई को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस साल चीन के विदेशी व्यापार से जुड़े कामकाज की जानकारी दी।

हाल के वर्षों में, चीन के रोबोटिक्स उद्योग ने काफी तेज़ी से विकास किया है और इसका निर्यात लगातार बढ़ रहा है। साथ ही, वैश्विक उत्पादन और रोज़मर्रा की ज़िंदगी में इसका बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है। अगर श्रेणियों (कैटेगरी) की बात करें, तो इनमें मुख्य रूप से औद्योगिक रोबोट, सर्जिकल रोबोट, सफ़ाई रोबोट और बुद्धिमान बायोनिक रोबोट शामिल हैं। इस साल की पहली छमाही में रोबोट निर्यात की स्थिति को इन तीन मुख्य पहलुओं से समझा जा सकता है।

पहला, चीन के औद्योगिक रोबोट तेज़ी से विकसित हो रहे हैं और वैश्विक स्तर पर उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता लगातार बढ़ रही है। ये रोबोट दुनिया भर के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को स्मार्ट (बुद्धिमान) बनाने में मदद कर रहे हैं। साल 2025 में चीन के औद्योगिक रोबोट के निर्यात का दायरा पहली बार इसके आयात से ज़्यादा हो गया, जिससे चीन औद्योगिक रोबोट का एक शुद्ध निर्यातक देश बन गया। इस साल की पहली छमाही में इनका निर्यात 6.29 अरब युआन रहा, जो कि 18.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाता है। ये रोबोट दुनिया के 141 देशों और क्षेत्रों में बेचे गए हैं।

दूसरा, चीन के सर्जिकल रोबोटों को अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में बड़ी पहचान मिली है। चीन में बने ये स्मार्ट चिकित्सा उपकरण (मेडिकल डिवाइस) ज़्यादा से ज़्यादा मरीज़ों के लिए फ़ायदेमंद साबित हो रहे हैं। पहली छमाही में सर्जिकल रोबोट का निर्यात 48 करोड़ युआन रहा, जिसमें 3.3 गुना की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके अलावा, इनका निर्यात बाज़ार भी पिछले साल की इसी अवधि के 23 देशों से बढ़कर अब 49 देशों तक पहुंच गया है।

तीसरा, चीन के सफ़ाई रोबोट अब लाखों घरों का हिस्सा बन चुके हैं। इसके साथ ही, इंसानों जैसे दिखने वाले (ह्यूमनाइड) रोबोट, रोबोट डॉग, बायोनिक मछली और पक्षी जैसे बुद्धिमान बायोनिक रोबोट भी अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेज़ी से जगह बना रहे हैं। इस साल की पहली छमाही में इन दोनों श्रेणियों के उत्पादों का कुल निर्यात 18.09 अरब युआन रहा।

आगे चलकर, चीनी सीमा शुल्क विभाग (कस्टम विभाग) रोबोटिक्स उद्योग की विकास संबंधी ज़रूरतों पर पूरा ध्यान देगा। विभाग अपनी नियामक सेवाओं में लगातार सुधार करेगा और व्यापार को आसान बनाने के स्तर को बढ़ाएगा। इससे चीन के विदेशी व्यापार में ‘स्मार्ट तकनीक‘ के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा और वैश्विक स्मार्ट अर्थव्यवस्था को गति देने में चीन अपना अहम योगदान देता रहेगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version