Site icon Dainik Savera Times

जिनेवा में “वैश्विक शासन के मित्रों का समूह” स्थापित

जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र कार्यालय तथा स्विट्ज़रलैंड में अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों में चीन के स्थायी मिशन ने 27 फ़रवरी को स्विट्ज़रलैंड के जिनेवा में पैलेस दे नेशों में “वैश्विक शासन के मित्रों का समूह” की पहली बैठक आयोजित की। इस बैठक में समूह के 42 सदस्य देशों सहित लगभग 60 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। संयुक्त राष्ट्र कार्यालय जिनेवा में चीन के स्थायी प्रतिनिधि च्या क्वेइते भी बैठक में उपस्थित रहे और उन्होंने संबोधन दिया।

अपने भाषण में च्या क्वेइते ने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य जटिल और परिवर्तनशील है, जिसके कारण वैश्विक चुनौतियाँ और अधिक गंभीर होती जा रही हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि चीन की वैश्विक शासन पहल पाँच प्रमुख अवधारणाओं पर आधारित है, जिनमें संप्रभु समानता को बनाए रखना, अंतरराष्ट्रीय क़ानून के नियमों का पालन करना, बहुपक्षवाद को सुदृढ़ करना, लोगों को केंद्र में रखना तथा व्यावहारिक और कार्रवाई-उन्मुख दृष्टिकोण अपनाना शामिल है। 

उन्होंने आगे कहा कि चीन इस मंच का उपयोग करते हुए सभी पक्षों के साथ मिलकर वैश्विक शासन में सुधार के उपायों पर विचार-विमर्श करने और अधिक न्यायसंगत, संतुलित तथा समावेशी वैश्विक शासन व्यवस्था के निर्माण में रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए तैयार है। बैठक में शामिल प्रतिनिधियों ने भी वर्तमान वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए समन्वय, सहयोग और साझा उत्तरदायित्व की आवश्यकता पर बल दिया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

 

Exit mobile version