
2026 चाइना मीडिया ग्रुप(सीएमजी) स्प्रिंग फेस्टिवल गाला के मंच पर, “कुंगफू” में सक्षम रोबोटों के एक समूह ने पूरे दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यूनिट्री रोबोटिक्स कंपनी और हनान प्रांत के थाको कुंगफू स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम “कुंगफू रोबोट्स” ने अपनी फुर्तीली मूवमेंट, उच्च-स्तरीय कलाबाजियों और सहज मानव-मशीन स्पैरिंग से दर्शकों की खूब प्रशंसा बटोरी और इसके पीछे की तकनीक के बारे में जिज्ञासा जगा दी।
कार्यक्रम में, रोबोटों ने न केवल पार्कौर(Parkour), निरंतर सिंगल-लेग बैकफ्लिप और हाई-स्पीड जंप जैसी चरम करतबों का प्रदर्शन किया, बल्कि तेज गति से दौड़ते हुए जटिल झुंड संरचना परिवर्तन भी किए और बच्चों के साथ लाठी तकनीक और ड्रंकन बॉक्सिंग(Drunken Boxing) का अभ्यास भी किया। यूनिट्री रोबोटिक्स के संस्थापक वांग शिंगशिंग ने सीएमजी को दिए एक साक्षात्कार में बताया कि इन अद्भुत प्रभावों को हासिल करने के लिए उन की टीम ने सिमुलेशन प्लेटफॉर्म पर करोड़ों प्रशिक्षण आयोजित किए और स्प्रिंग फेस्टिवल गाला के मंच पर कई “विश्व की पहली” तकनीकों का परीक्षण किया।
उदाहरण के लिए, विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए गुलेल का उपयोग करके, रोबोट 2 से 3 मीटर की ऊंचाई तक छलांग लगा सकता था, आगे और पीछे कलाबाज़ी कर सकता था और आसानी से उतर सकता था, जो संतुलन और गतिशील प्रतिक्रिया क्षमताओं का एक चरम परीक्षण था। बीस से अधिक रोबोटों का उच्च गति से समन्वित गठन भी विश्व स्तर पर पहली बार था, जिसने भविष्य में रोबोट झुंड अनुप्रयोगों की नींव रखी।
कार्यक्रम की अवधारणा एक “भविष्य के कुंगफू स्कूल” के इर्द-गिर्द घूमती है, जो विस्तृत विवरण और गर्मजोशी से भरा है। स्प्रिंग फेस्टिवल गाला की तकनीकी टीम की निदेशक छी युहान ने बताया कि रोबोटों को छड़ियों को पकड़ने और मोड़ने जैसी सूक्ष्म गतिविधियों को करने के लिए “कुशल हाथों” से सुसज्जित किया गया है। उन्हें उम्मीद है कि यह कार्यक्रम बच्चों के दिलों में प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि जगाएगा।
वांग शिंगशिंग ने इस बात पर ज़ोर दिया कि प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन करना लक्ष्य नहीं है, प्रौद्योगिकी का अंतिम उद्देश्य मानवता की सेवा करना होना चाहिए। जटिल कुंगफू करने की रोबोट की क्षमता यह दर्शाती है कि भविष्य में व्यावहारिक अनुप्रयोगों के लिए इसकी स्थिरता पर्याप्त है। बताया गया है कि यूनिट्री रोबोटिक्स इस वर्ष व्यावहारिकता और अन्वेषण पर ज़ोर देने वाले कई नए उत्पाद विकसित कर रहा है, और रोबोटों को मानव उत्पादकता की उन्नति में वास्तविक योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
विदेशी नेटिज़न्स इस कार्यक्रम को कैसे देखते हैं? “X” पर, “कुंगफू रोबोट्स” की सामग्री पर विदेशी नेटिज़न्स की प्रतिक्रियाएँ दो श्रेणियों में आती हैं: पहली, उन्हें यह बहुत चौंकाने वाला लगता है; दूसरी, उन्हें यह इतना चौंकाने वाला लगता है कि वे इसकी प्रामाणिकता पर संदेह करते हैं। दूसरी राय रखने वाले विदेशी नेटिज़न्स ने तुरंत “X” प्लेटफॉर्म में निर्मित बड़े मॉडल टूल ग्रोक का उपयोग करके इसकी पुष्टि की, और उन्हें जो उत्तर मिला, वह निश्चित रूप से यह था कि यह सब सच था।
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)
मेष: दिन शुभ रहेगा...