Site icon Dainik Savera Times

चीन-लाओस और चीन-केप वर्डे संबंधों की वर्षगांठ पर राष्ट्रपतियों ने शुभकामनाएँ साझा कीं

Presidents exchange greetings on anniversary of China-Laos

Presidents exchange greetings on anniversary of China-Laos

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शनिवार को लाओस के राष्ट्रपति महासचिव थोंगलून सीसूलिथ के साथ शुभकामना संदेशों का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 65वीं वर्षगांठ मनाई गई।

राष्ट्राध्यक्ष शी ने अपने संदेश में कहा कि चीन और लाओस समाजवादी पड़ोसी देश हैं, जिनका भविष्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच “कॉमरेड प्लस ब्रदर” की पारंपरिक मित्रता, जिसे पुरानी पीढ़ी के नेताओं ने स्थापित किया था, समय के साथ और मजबूत हुई है। वर्तमान में दोनों देश उच्च मानक, उच्च गुणवत्ता और उच्च स्तरीय चीन-लाओस साझा भविष्य समुदाय के निर्माण को तेज़ी से आगे बढ़ा रहे हैं।

शी चिनफिंग ने कहा कि चीन लाओस के साथ अपने संबंधों को हमेशा रणनीतिक और दीर्घकालिक दृष्टिकोण से देखता है। उन्होंने इस अवसर को “चीन-लाओस मैत्री वर्ष” के रूप में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वह राष्ट्रपति थोंगलून सीसूलिथ के साथ मिलकर रणनीतिक विश्वास को और मजबूत करने, पारंपरिक मित्रता को आगे बढ़ाने तथा दोनों देशों के लोगों के हित में ठोस परिणाम हासिल करने के लिए तैयार हैं।

वहीं, राष्ट्रपति थोंगलून सीसूलिथ ने अपने संदेश में कहा कि पिछले 65 वर्षों में दोनों देशों के बीच साझे सुख-दुख पर आधारित मित्रता निरंतर नए ऊंचे स्तर तक पहुंची है। उन्होंने लाओस के विकास में चीन के महत्वपूर्ण समर्थन और सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने दोहराया कि लाओस “एक चीन” सिद्धांत का दृढ़ता से पालन करता है और चीन के प्रमुख हितों की रक्षा का समर्थन करता है। उसी दिन, राष्ट्रपति शी ने केप वर्डे के राष्ट्रपति जोस मारिया नेविस के साथ शुभकामना संदेशों का आदान-प्रदान भी किया। इस अवसर पर दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ मनाई गई।

राष्ट्रपति शी ने अपने संदेश में कहा कि चीन और केप वर्डे के बीच पारंपरिक मित्रता रही है, जो समय के साथ लगातार मजबूत हुई है। उन्होंने उल्लेख किया कि बीते पचास वर्षों में दोनों देशों ने एक-दूसरे के प्रमुख हितों और चिंताओं पर आपसी समझ और समर्थन बनाए रखा है, साथ ही विकास और जन-जीवन से जुड़े क्षेत्रों में सार्थक सहयोग किया है। उन्होंने यह भी कहा कि आपसी सम्मान और मैत्रीपूर्ण सहयोग के आधार पर चीन और केप वर्डे ने बड़े और छोटे देशों के बीच संबंधों का एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है।

शी चिनफिंग ने आगे कहा कि वह इस अवसर को नए चरण की शुरुआत के रूप में देखते हैं और राष्ट्रपति नेविस के साथ मिलकर पारंपरिक मित्रता को आगे बढ़ाने, व्यावहारिक सहयोग को और गहरा करने तथा बहुपक्षीय समन्वय को मजबूत करने के इच्छुक हैं, ताकि दोनों देशों के लोगों के कल्याण को निरंतर बढ़ावा दिया जा सके।

वहीं, राष्ट्रपति नेविस ने अपने संदेश में केप वर्डे और चीन के बीच पिछले पचास वर्षों के मैत्रीपूर्ण सहयोग की अत्यधिक प्रशंसा की और देश के सतत विकास में चीन के महत्वपूर्ण योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केप वर्डे चीन के साथ मिलकर राजनीतिक विश्वास को और मजबूत करने, पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को विस्तृत करने तथा दोनों देशों के लोगों के हितों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। 

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

ये भी पढ़ें- बाल-बाल बचे Donald Trump! डिनर करते समय हिल्टन होटल में फायरिंग, मचा हड़कंप, देखें वीडियो

Exit mobile version