Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने अमेरिका-इजरायल की सैन्य कार्रवाई की निंदा की

March 1, 2026

कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने अमेरिका-इजरायल की सैन्य कार्रवाई की निंदा की

अमेरिका और इज़राइल ने 28 फ़रवरी को ईरान के ख़िलाफ़ सैन्य हमला किया, जिसके जवाब में ईरान ने मध्य पूर्व क्षेत्र में कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इज़राइली लक्ष्यों पर प्रतिउत्तरात्मक कार्रवाई की। इन घटनाओं के बाद क्षेत्रीय हालात तेज़ी से तनावपूर्ण हो गए। संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ-साथ अनेक देशों के नेताओं और सरकारों ने अमेरिका–इज़राइल की सैन्य कार्रवाई की निंदा की है तथा सभी पक्षों से संयम बरतने और स्थिति को और अधिक बिगड़ने से रोकने के लिए संवाद की प्रक्रिया फिर से शुरू करने का आह्वान किया है।

मध्य पूर्व में सैन्य संघर्ष के विस्तार की आशंका के मद्देनज़र संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने एक आपातकालीन बैठक आयोजित की। बैठक में जारी अपने बयान में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने की आधारशिला है और अंतरराष्ट्रीय क़ानून तथा अंतरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून का हर परिस्थिति में सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थायी शांति केवल शांतिपूर्ण साधनों से ही संभव है। महासचिव ने संबंधित सभी पक्षों से तत्काल शत्रुता समाप्त करने, तनाव कम करने और बातचीत की मेज़ पर लौटने का आग्रह किया।

अरब लीग ने भी एक बयान जारी कर क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तनाव कम करने के लिए त्वरित एवं प्रभावी क़दम उठाने की अपील की। इसी क्रम में विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने मध्य पूर्व की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि मौजूदा हालात मानवीय संकट को और गहरा सकते हैं। उन्होंने विश्व नेताओं से विनाश के मार्ग के बजाय संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

ईरान में स्कूलों पर हुए हमलों को लेकर संयुक्त राष्ट्र बाल कोष यूनिसेफ़ ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। संगठन ने रेखांकित किया कि नागरिकों और नागरिक ठिकानों, जिनमें स्कूल भी शामिल हैं, को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय क़ानून का उल्लंघन है। यूनिसेफ़ ने सभी पक्षों से शत्रुता को तत्काल समाप्त करने और बच्चों तथा अन्य असुरक्षित समूहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

अफ़्रीकी संघ आयोग के अध्यक्ष यूसुफ ने भी एक बयान जारी कर कहा कि ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिका और इज़राइल की सैन्य कार्रवाई से मध्य पूर्व में संघर्ष और भड़क सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति और बिगड़ती है तो इससे वैश्विक अस्थिरता बढ़ेगी तथा ऊर्जा बाज़ारों, खाद्य सुरक्षा और विश्व अर्थव्यवस्था के पुनरुद्धार पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की बढ़ती चिंताओं के बीच विभिन्न पक्षों से संयम और संवाद की अपीलें तेज़ हो गई हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल की जा सके। 

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें