Site icon Dainik Savera Times

शांगहाई: चीन और कजाकिस्तान के राष्ट्रपतियों के बीच मुलाकात हुई

16 जुलाई की दोपहर को, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने पूर्वी चीन के महानगर शांगहाई में स्थित शीच्याओ होटल में कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात की, जो 2026 विश्व कृत्रिम बुद्धिमत्ता सम्मेलन (WAIC) और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के वैश्विक शासन पर उच्च स्तरीय बैठक में भाग लेने के लिए चीन आए हैं।

इस दौरान, शी चिनफिंग ने कहा कि विश्व में गहन और जटिल परिवर्तन हो रहे हैं, और चीन-कजाकिस्तान सम्बंध समय की कसौटी पर खरे उतरे हैं और मजबूत हुए हैं। दोनों देशों के बीच स्थायी व्यापक रणनीतिक साझेदारी उच्च स्तर पर सक्रिय है, जो अपार सहयोग क्षमता और विकास के व्यापक अवसर को दर्शाती है। चीन और कजाकिस्तान को अपनी विकास रणनीतियों और नीतियों के समन्वय को मजबूत करते हुए व्यावहारिक सहयोग के स्तर में लगातार सुधार करना चाहिए, साझा विकास को बढ़ावा देते हुए चीन-कजाकिस्तान रणनीतिक सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाकर नए परिणाम प्राप्त करने चाहिए।

शी चिनफिंग ने बल देते हुए कहा कि चीन और कजाकिस्तान के बीच व्यापक सहयोग को दृढ़ता से आगे बढ़ाना दोनों देशों और उनकी जनता के मूलभूत हितों में है। दोनों पक्षों को नवोन्मेषी व्यापार विकास को बढ़ावा देते हुए व्यापार संरचना को अनुकूलित करना चाहिए और सीमा पार ई-कॉमर्स और सेवा व्यापार के नए स्वरूपों को विकसित करना चाहिए। ऊर्जा और खनिज संसाधनों में सहयोग का विस्तार करते हुए प्रमुख परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लानी चाहिए। इसके साथ ही, संपर्क को बढ़ावा देते हुए सीधी उड़ानों की संख्या बढ़ानी चाहिए और अंतरराष्ट्रीय सड़क परिवहन को सुगम बनाना चाहिए।

चीनी राष्ट्रपति के अनुसार, चीन डिजिटल अर्थव्यवस्था और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी प्रौद्योगिकियों को साझा करना चाहता है, ताकि कजाकिस्तान को डिजिटल परिवर्तन प्राप्त करने में मदद मिल सके। साथ ही, “चीन-कजाकिस्तान सांस्कृतिक आदान-प्रदान वर्ष” का सफलतापूर्वक आयोजन करना चाहिए, शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, चिकित्सा देखभाल, स्वास्थ्य, खेल, मीडिया और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना आवश्यक है, उद्देश्य है कि आने वाली पीढ़ियों के लिए मित्रता की नींव मजबूत हो सके।

शी चिनफिंग ने यह भी कहा कि चीन, कजाकिस्तान के साथ मिलकर चार वैश्विक पहलों को लागू करना चाहता है, संयुक्त राष्ट्र, शांगहाई सहयोग संगठन (एससीओ) और चीन-मध्य एशिया तंत्र जैसे बहुपक्षीय तंत्रों के भीतर समन्वय और सहयोग को मजबूत करने को तैयार है, ताकि संयुक्त रूप से अंतरराष्ट्रीय निष्पक्षता और न्याय की रक्षा की जा सके।  

मुलाकात में टोकायेव ने शांगहाई में WAIC में भाग लेने को लेकर खुशी व्यक्त की और कहा कि चीन के साथ सम्बंध कजाकिस्तान की विदेश नीति की प्राथमिक दिशा है और वह दोनों देशों के बीच स्थायी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को लगातार मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। कजाकिस्तान द्विपक्षीय सम्बंधों के विकास पर राष्ट्रपति शी चिनफिंग के महत्वपूर्ण विचारों से पूरी तरह सहमत है और उन्हें सक्रिय रूप से लागू करने के लिए चीन के साथ मिलकर काम करेगा।

राष्ट्रपति टोकायेव ने यह भी कहा कि कजाकिस्तान चीन के साथ घनिष्ठ उच्च स्तरीय आदान-प्रदान बनाए रखना चाहता है, व्यापार, निवेश, परिवहन, ऊर्जा, कृषि और डिजिटल अर्थव्यवस्था में व्यावहारिक सहयोग को मजबूत करने और लोगों के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए भी तत्पर है, ताकि द्विपक्षीय सम्बंधों के विकास में अधिक ठोस परिणाम प्राप्त हो सके। 

टोकायेव ने कहा कि कजाकिस्तान राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा प्रस्तावित चार वैश्विक पहलों और मानव जाति के साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण वाली अवधारणा का प्रशंसक है और इनका समर्थन भी करता है। वह चीन के साथ मिलकर संयुक्त राष्ट्र, एससीओ, चीन-मध्य एशिया तंत्र आदि बहुतपक्षीय मंचों पर उच्च स्तरीय सहयोग जारी रखना चाहता है, कृत्रिम बुद्धिमत्ता शासन पर वैश्विक सहयोग को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाना चाहता है, और संयुक्त रूप से वैश्विक सतत् विकास और शांति एवं स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए भी इच्छुक है।  मुलाकात के बाद, दोनों देशों के राष्ट्रपतियों ने व्यापार, परिवहन, वित्त, मीडिया आदि क्षेत्रों में कई सहयोग दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और घोषणा के संयुक्त रूप से साक्षी बने।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

Exit mobile version