Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

China में लगे जोरदार भूंकप के झटके, कई इमारतें हुईं तबाह; 2 लोगों की मौत, कई लापता

May 18, 2026

China में लगे जोरदार भूंकप के झटके, कई इमारतें हुईं तबाह; 2 लोगों की मौत, कई लापता

Earthquake In china : दक्षिण चीन के गुआंग्शी स्वायत्त क्षेत्र में सोमवार देर रात आए तेज भूकंप ने तबाही मचा दिया। तेज भूकंप ने लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता 5.2 मापी गई। हादसे में अब तक कम से कम दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है। कई लोगों के घायल होने की भी खबर सामने आई है।

आधी रात को महसूस हुए तेज झटके
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी और स्थानीय प्रशासन के मुताबिक भूकंप सोमवार रात करीब 12 बजकर 21 मिनट पर आया। इसका केंद्र लिउझोउ के लिउनान जिले में ताइयांगचुन कस्बे के पास था। भूकंप की गहराई केवल 8 किलोमीटर थी, जिसकी वजह से झटके काफी तेज महसूस किए गए। रात के समय अचानक धरती हिलने से लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कई इलाकों में लोगों ने सड़कों और खुले मैदानों में रात बिताई।

13 इमारतें ढहीं, हजारों लोगों को सुरक्षित निकाला गया
भूकंप के कारण इलाके में भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन के अनुसार कम से कम 13 इमारतें ढह गईं। कई घरों और अन्य इमारतों में दरारें आने और नुकसान होने की खबर है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। एहतियात के तौर पर 7,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। वहीं एक लापता व्यक्ति की तलाश लगातार जारी है। बचाव दल प्रभावित इलाकों में मलबा हटाने और लोगों को सुरक्षित निकालने का काम कर रहे हैं।

कई शहरों में महसूस किए गए झटके
भूकंप के झटके केवल लिउझोउ तक सीमित नहीं रहे। नाननिंग और गुइलिन समेत कई बड़े शहरों में भी लोगों ने कंपन महसूस किया। देर रात आए झटकों के कारण लोगों में डर का माहौल बन गया।

रेलवे सेवाओं पर असर, जांच जारी
भूकंप के बाद रेलवे अधिकारियों ने ट्रक और पुलों की सुरक्षा जांच शुरू कर दी है। इसके कारण कुछ ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है और यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि राहत की बात यह है कि इलाके में बिजली, पानी, गैस और दूरसंचार जैसी जरूरी सेवाएं फिलहाल सामान्य रूप से काम कर रही हैं।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
चीन के आपदा प्रबंधन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।स्थानीय प्रशासन प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, अस्थायी रहने की जगह और जरूरी मदद उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें