Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन और मोज़ाम्बिक के राष्ट्रपतियों के बीच वार्ता हुई, दोनों देशों ने जारी किया संयुक्त वक्तव्य

April 22, 2026

चीन और मोज़ाम्बिक के राष्ट्रपतियों के बीच वार्ता हुई, दोनों देशों ने जारी किया संयुक्त वक्तव्य

21 अप्रैल की दोपहर को, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने चीन की राजकीय यात्रा पर आए मोज़ाम्बिक के राष्ट्रपति डैनियल फ्रांसिस्को चापो से बातचीत की। यह बातचीत देश की राजधानी पेइचिंग में स्थित जन बृहद भवन में हुई। दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को नए युग में साझा भविष्य वाले चीन-मोज़ाम्बिक समुदाय तक उन्नत करने पर सहमति व्यक्त की।

शी चिनफिंग ने कहा कि चीन और मोज़ाम्बिक के बीच की पारंपरिक मित्रता इतिहास से परे है और पहाड़ों और समुद्रों को पार करती है। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद से, चीन और मोज़ाम्बिक ने एक-दूसरे पर भरोसा और समर्थन किया है, जो चीन-अफ्रीका मित्रता और दक्षिण-दक्षिण सहयोग का एक आदर्श बन गया है। नई परिस्थितियों में, चीन और मोज़ाम्बिक के बीच मैत्रीपूर्ण सहयोग को गहरा करना दोनों देशों के लोगों की साझा अपेक्षाओं के अनुरूप है और साथ ही एकजुटता और सहयोग को मजबूत करने तथा दक्षिण में चुनौतियों का सामना करने के लिए मिलकर काम करने की वैश्विक प्रवृत्ति के अनुरूप भी है।

शी चिनफिंग ने इस बात पर जोर दिया कि चीन-मोज़ाम्बिक संबंधों की प्रमुख विशेषताएं और राजनीतिक लाभ मित्रता और आपसी विश्वास हैं। दोनों देशों में मजबूत आर्थिक पूरकता और सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। इस वर्ष चीन की “15वीं पंचवर्षीय योजना” (2026-2030) का शुभारंभ हो रहा है। चीन मोज़ाम्बिक के साथ मिलकर विकास रणनीतियों के सामंजस्य को मजबूत करना चाहता है, सहयोग के नए मॉडल विकसित करना चाहता है, अवसंरचना और व्यापक ऊर्जा एवं खनिज विकास में सहयोग के नए रास्ते तलाशना चाहता है। साथ ही, कृषि, नई ऊर्जा, डिजिटल अर्थव्यवस्था और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में सहयोग के नए विकास क्षेत्रों को सक्रिय रूप से बढ़ावा देने और दोनों देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग के उच्च गुणवत्ता वाले और सतत विकास को प्रोत्साहित करने के लिए तत्पर है।

चीनी राष्ट्रपति के अनुसार, उच्च स्तरीय खुलेपन के निरंतर विस्तार की प्रक्रिया में, चीन हमेशा अफ्रीका को विशेष प्राथमिकता देता है। इस साल 1 मई से, चीन उन 53 अफ्रीकी देशों पर शून्य-टैरिफ उपायों को पूरी तरह से लागू करेगा जिनके साथ उसके राजनयिक संबंध हैं, और “ग्रीन चैनल” तथा अन्य उपायों को उन्नत करके अफ्रीकी उत्पादों के लिए चीन तक पहुंच को और बढ़ाएगा।

बातचीत में राष्ट्रपति चापो ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि वह इस साल चीन की राजकीय यात्रा करने वाले पहले अफ्रीकी नेता हैं, जो दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों और भाईचारे को दर्शाता है और मोजाम्बिक के लोगों के लिए इसका बहुत महत्व है। उनका कहना है कि चीन मोज़ाम्बिक का सच्चा मित्र है और उसने हमेशा निस्वार्थ भाव से मोज़ाम्बिक को समर्थन और सहायता प्रदान की है। मोज़ाम्बिक चीन के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है, बिना शर्त एक-चीन सिद्धांत का पालन करता है और राष्ट्रीय एकीकरण की प्राप्ति में चीन का समर्थन करता है।

बातचीत के बाद दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने संयुक्त रूप से “बेल्ट एंड रोड” के संयुक्त निर्माण, वैश्विक सुरक्षा पहलों के कार्यान्वयन, आर्थिक और व्यापारिक सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, चिकित्सा और स्वास्थ्य देखभाल तथा मीडिया संबंधों जैसे क्षेत्रों में 20 से अधिक सहयोग दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होते हुए देखा। दोनों देशों ने “नए युग में साझा भविष्य वाले चीन-मोज़ाम्बिक समुदाय के निर्माण पर संयुक्त वक्तव्य” भी जारी किया।

संयुक्त वक्तव्य में कहा गया कि नई परिस्थितियों में चीन और मोज़ाम्बिक अपने द्विपक्षीय सहयोग को और मज़बूत तथा गहरा कर रहे हैं। यह न केवल दोनों देशों के लोगों की साझा अपेक्षाओं के अनुरूप है, बल्कि एक अधिक न्यायपूर्ण और समान अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बढ़ावा देने में भी सहायक होगा। इसी आधार पर दोनों देशों ने अपने संबंधों को “नए युग में साझा भविष्य वाले चीन-मोज़ाम्बिक समुदाय” के स्तर तक ले जाने का निर्णय लिया।

वक्तव्य में पाँच प्रमुख क्षेत्रों- नए युग में साझा भविष्य वाले समुदाय का निर्माण, वैश्विक विकास पहल का संयुक्त कार्यान्वयन, वैश्विक सुरक्षा पहल का संयुक्त कार्यान्वयन, वैश्विक सभ्यता पहल का संयुक्त कार्यान्वयन और वैश्विक शासन पहल का संयुक्त कार्यान्वयन का विस्तृत उल्लेख किया गया। दोनों पक्षों ने सहमति जताई कि राष्ट्रपति चापो की यह यात्रा सफल रही और इससे चीन-मोज़ाम्बिक संबंधों को नई गति मिलेगी, साथ ही चीन-अफ़्रीका समुदाय के निर्माण को भी बढ़ावा मिलेगा।

 (साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें