Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

शांगहाई में शी चिनफिंग ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव से मुलाकात की

July 18, 2026

शांगहाई में शी चिनफिंग ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव से मुलाकात की

17 जुलाई को चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने पूर्वी चीन के महानगर शांगहाई के शिच्याओ होटल में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात की। गुटेरेस 2026 विश्व एआई सम्मेलन और एआई के वैश्विक शासन पर उच्च स्तरीय बैठक में भाग लेने के लिए चीन पहुंचे हैं। शी चिनफिंग ने गुटेरेस की सराहना करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव के रूप में अपने 10 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने बहुपक्षवाद का लगातार समर्थन किया, जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने में सक्रिय भूमिका निभाई, कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे उभरते क्षेत्रों के वैश्विक शासन को आगे बढ़ाया और संयुक्त राष्ट्र सुधार प्रक्रिया को भी गति दी।

शी ने कहा कि इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र में चीन लोक गणराज्य की वैध सीट की बहाली की 55वीं वर्षगांठ है। पिछले 55 वर्षों से चीन विश्व शांति का निर्माता, वैश्विक विकास में योगदानकर्ता और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का रक्षक बना हुआ है तथा संयुक्त राष्ट्र का लगातार और दृढ़ता से समर्थन करता आया है।  उन्होंने कहा, “मानव जाति के साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण की मेरी अवधारणा और चार वैश्विक पहलों का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र की भूमिका और उसकी प्रतिष्ठा को मजबूत करना है। चीन हमेशा की तरह विश्व शांति और विकास को बढ़ावा देने तथा मानव जाति के साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण के लिए संयुक्त राष्ट्र के साथ सहयोग को और गहरा करेगा।”

राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने यह भी कहा कि मौजूदा समय में अंतरराष्ट्रीय स्थिति तेजी से अस्थिर और जटिल होती जा रही है। ऐसे में वास्तविक बहुपक्षवाद को अपनाने और संयुक्त राष्ट्र की भूमिका को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने इस संबंध में तीन सुझाव रखे: पहला, हमें निष्पक्षता और न्याय को कायम रखना चाहिए। प्रत्येक देश अंतर्राष्ट्रीय समुदाय का एक समान सदस्य है, और प्रत्येक देश की संप्रभुता, प्रादेशिक अखंडता और वैध अधिकारों एवं हितों का सम्मान किया जाना चाहिए। हमें कभी भी दुनिया को जंगल के कानून के युग में वापस नहीं जाने देना चाहिए।

दूसरा, हमें सत्यनिष्ठा बनाए रखते हुए नवाचार को बढ़ावा देना चाहिए। सत्यनिष्ठा बनाए रखने का अर्थ है संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और लक्ष्यों का पालन करना और द्वितीय विश्व युद्ध के बाद स्थापित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और नियमों की रक्षा करना है। वहीं, नवाचार का अर्थ है संयुक्त राष्ट्र को बदलते समय के अनुरूप ढलने, आत्म-सुधार में साहसी होने और अपनी गुणवत्ता और दक्षता में और सुधार करने के लिए प्रोत्साहित करना। तीसरा, हमें अपनी जिम्मेदारियों को निभाना होगा और कार्रवाई करनी होगी। विश्व भर के 190 से अधिक देश एक ही साझा भविष्य की नाव में सवार हैं और उन्हें वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। प्रमुख शक्तियों को अधिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए और व्यापक दृष्टिकोण प्रदर्शित करना चाहिए।

शी चिनफिंग ने आगे कहा कि चीन नए युग में प्रमुख देशों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों का नया मॉडल विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, जिससे दुनिया में अधिक स्थिरता और निश्चितता आई है। मुलाकात के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग की सराहना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन और जटिल रही हों, चीन ने हमेशा बहुपक्षवाद, संयुक्त राष्ट्र के उद्देश्यों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का दृढ़ समर्थन किया है और दुनिया के लिए एक सकारात्मक उदाहरण पेश किया है।  

उन्होंने यह भी कहा कि चीन विकास में असंतुलन दूर करने, जलवायु परिवर्तन से निपटने, कल्याणकारी कृत्रिम बुद्धिमत्ता और नैतिक विकास को बढ़ावा देने, विकास की खाई कम करने तथा निष्पक्षता और न्याय की रक्षा के लिए लगातार प्रयास करता रहा है। इस दिशा में चीन ने कई महत्वपूर्ण अवधारणाएं और पहलें पेश की हैं, जो सराहनीय हैं। गुटेरेस ने आगे कहा कि संयुक्त राष्ट्र चीन के साथ सहयोग को और मजबूत करेगा, एकतरफावाद, संरक्षणवाद और दादागिरी का विरोध करेगा, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करेगा, विश्व के बहुध्रुवीकरण को बढ़ावा देगा और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साझा हितों की रक्षा के लिए चीन के साथ मिलकर काम करता रहेगा। 

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें