Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन की आर्थिक मजबूती और भविष्य की रूपरेखा: 15वीं पंचवर्षीय योजना की ओर

October 22, 2025

चीन की आर्थिक मजबूती और भविष्य की रूपरेखा: 15वीं पंचवर्षीय योजना की ओर

इंटरनेशनल डेस्क: पेइचिंग में सोमवार को शुरू हुआ चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की 20वीं केंद्रीय कमेटी का चौथा पूर्णाधिवेशन एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है, जो 2026-2030 के लिए 15वीं पंचवर्षीय योजना का मसौदा तैयार करेगा।

ठीक इसी दिन, जारी आर्थिक आंकड़ों ने चीन की अर्थव्यवस्था के लचीलेपन को रेखांकित किया–वर्ष 2025 की पहली तीन तिमाहियों में 5.2 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि। ये दोनों घटनाएं चीन की विकास यात्रा के दो पहलुओं को दर्शाती हैं: एक ओर भविष्य की रणनीतिक योजना, तो दूसरी ओर वर्तमान आर्थिक मजबूती का ठोस प्रमाण।

संरक्षणवाद और आपूर्ति श्रृंखला में उथल-पुथल के इस दौर में चीन की 5.2 प्रतिशत वृद्धि दर किसी चमकते सितारे से कम नहीं है। यह न केवल वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए स्थिरता का स्रोत है, बल्कि चीन के अपने विकास मॉडल में आत्मविश्वास को भी मजबूत करती है। यह सफलता अस्थायी कारकों से नहीं, बल्कि संरचनात्मक सुधारों, प्रभावी नीतियों और संस्थागत लाभों से उपजी है।

चीन की अर्थव्यवस्था में “गति” के स्थान पर “गुणवत्ता” पर जोर दिया जा रहा है। उच्च-तकनीक विनिर्माण क्षेत्र में इस साल 9.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो औद्योगिक उन्नयन और गुणवत्तापूर्ण विकास की ओर रुझान को दर्शाता है।

“न्यू थ्री” के रूप में चिन्हित उत्पाद – नई ऊर्जा वाहन, सौर ऊर्जा उत्पाद और ऊर्जा भंडारण बैटरियाँ – वैश्विक बाजार में अग्रणी भूमिका में हैं, जिनके निर्यात में दोहरे अंकों की वृद्धि जारी है। इस प्रगति के पीछे अनुसंधान एवं विकास में लगातार बढ़ता निवेश एक प्रमुख कारक है। साथ ही, हरित उद्योग और डिजिटल अर्थव्यवस्था का तेजी से विस्तार हो रहा है, जो देश के आर्थिक परिदृश्य में गतिशीलता और स्थिरता ला रहा है।

चीन की सफलता का मूल मंत्र है – विकास पर दृढ़ संकल्प। यह प्रतिबद्धता नवाचार, समन्वय, हरित विकास, खुलापन और साझाकरण के सिद्धांतों पर आधारित है। बेल्ट एंड रोड पहल और ग्लोबल डेवलपमेंट इनिशिएटिव जैसे कार्यक्रम इसी दर्शन का विस्तार हैं, जो वैश्विक विकास घाटे को कम करने में योगदान दे रहे हैं।

अगली पंचवर्षीय योजना चीन के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी, जिसके प्रमुख बिंदु होंगे। इस दौरान चीन उच्च-गुणवत्ता वाले विकास पर जोर देगा, जिसमें आर्थिक संरचना के अनुकूलन और नवाचार-संचालित विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही विज्ञान और प्रौद्योगिकी में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए मुख्य प्रौद्योगिकियों में सुधार और अनुसंधान एवं विकास में निवेश पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

हरित परिवर्तन और क्षेत्रीय समन्वय को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण और संतुलित क्षेत्रीय विकास सुनिश्चित किया जाएगा। शहरी-ग्रामीण एकीकरण और सामान्य समृद्धि के माध्यम से बुनियादी ढांचे, सार्वजनिक सेवाओं और जीवन स्तर के अंतर को कम किया जाएगा। उच्च-स्तरीय खुलापन बनाए रखते हुए वैश्विक सहयोग और आपसी लाभ को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

चीन की आर्थिक यात्रा अब एक नए मोड़ पर है। अगले पांच वर्ष नवाचार, घरेलू मांग, हरित विकास और खुलेपन की नींव पर तैयार होंगे। बाहरी उतार-चढ़ाव चाहे जो भी हों, चीन के पास आत्मविश्वास, क्षमता और संसाधन हैं अपने विकास पथ पर अग्रसर रहने के लिए।

15वीं पंचवर्षीय योजना न केवल चीन के आधुनिकीकरण को गति देगी, बल्कि एक अस्थिर विश्व में निश्चितता और आशा का स्रोत भी बनेगी। जैसे-जैसे चीन अपनी विकास योजनाओं को कार्यान्वित करेगा, यह न केवल अपनी 1.4 अरब जनता के जीवन स्तर को उन्नत करेगा, बल्कि वैश्विक शांति और समृद्धि में भी महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

ये भी पढ़ें- Rashifal 8 March 2026 : रंग पंचमी पर इन 4 राशियों की चमकेगी किस्मत, धन-करियर में होगा बड़ा बदलाव

(लेखक—रमेश शर्मा)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें