China Economy : स्नेक ईयर की शुरुआत के साथ ही चीन की अर्थव्यवस्था में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। उपभोग, हाई-क्वालिटी ग्रोथ और पूंजी बाजार ने इसमें बड़ा योगदान दिया है। हाल ही में हुए चीनी वसंत महोत्सव (चाइनीज स्प्रिंग फेस्टिवल) में देशभर में लोगों ने जमकर खर्च किया, जिससे बाजार में नई ऊर्जा देखने को मिली।
छुट्टियों में खर्च का रिकॉर्ड
वसंत महोत्सव की आठ दिन की छुट्टियों के दौरान, चीन का घरेलू पर्यटन खर्च 677 अरब युआन तक पहुंच गया, जो पिछले साल की तुलना में 7% ज्यादा है। यह आंकड़े चीन के संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय ने जारी किए हैं। इस दौरान हॉमस्टे (लोकल होम स्टे बिजनेस) की भी जबरदस्त डिमांड रही, जिससे इनका राजस्व 12.6% बढ़ गया।
सर्दियों के खेलों (विंटर स्पोर्ट्स) को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह दिखा। हार्पिन आइस-स्नो वर्ल्ड जैसी जगहों पर लाखों पर्यटक पहुंचे। चीन पर्यटन अकादमी की रिपोर्ट के मुताबिक, 2024-2025 के सर्दी के मौसम में कुल 52 करोड़ यात्राओं का अनुमान है, जिससे 630 अरब युआन से ज्यादा का राजस्व होने की उम्मीद है।
बॉक्स ऑफिस पर भी धमाल
वहीं, फिल्मों के शौकीनों ने भी इस दौरान कोई कसर नहीं छोड़ी। छुट्टियों में चीन के बॉक्स ऑफिस ने 9.51 अरब युआन की कमाई की, जबकि सिनेमा जाने वालों की संख्या 18.7 करोड़ तक पहुंच गई।
अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने की तैयारी
छुट्टियों के बाद चीन के कई प्रांतों में नए साल की पहली आधिकारिक बैठकें हुईं। इन बैठकों में रियल इकोनॉमी (वास्तविक अर्थव्यवस्था) को मजबूत करने, कारोबारी माहौल सुधारने और टेक्नोलॉजी इनोवेशन को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।
उधर, दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत ने 2025 के लिए एक एक्शन प्लान तैयार किया है, जिसमें 1 खरब युआन की सालाना निवेश योजना बनाई गई है। इस निवेश से हाई-लेवल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग, न्यू मटेरियल, पेट्रोकेमिकल्स, स्टील और अन्य सेक्टर की 380 औद्योगिक परियोजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
शांगहाई ने भी अपने सालाना बिजनेस एनवायरनमेंट कॉन्फ्रेंस के 8वें संस्करण का आयोजन किया और 58 नए उपायों की घोषणा की, जिससे व्यापार से जुड़े निरीक्षण और मॉनिटरिंग को बेहतर बनाया जाएगा। इसके अलावा, चच्यांग, हूपेई और हाईनान जैसे प्रांतों में भी टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल इनोवेशन को आगे बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।
निवेशकों का भरोसा मजबूत
ग्लोबल फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस चीन के कैपिटल मार्केट को लेकर पॉजिटिव नजर आ रहे हैं। HSBC के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर डेसमंड कुआंग का कहना है कि जैसे-जैसे निवेशकों की रुचि इनोवेशन में बढ़ेगी, चीन और अन्य उभरते बाजारों (इमर्जिंग मार्केट्स) के बीच वैल्यूएशन गैप कम होगा और विदेशी पूंजी प्रवाह में इजाफा होगा। कुल मिलाकर, चीन की अर्थव्यवस्था ने नए साल की शुरुआत शानदार अंदाज में की है और यह ग्रोथ आगे भी जारी रहने की उम्मीद है।
(अखिल पाराशर, चाइना मीडिया ग्रुप, बीजिंग)

