चीन की पहली 8K स्पेस फ़िल्म “शनचो 13” का ट्रेलर 19 अगस्त को आधिकारिक तौर पर रिलीज़ हो गया है, जिसमें बताया गया है कि यह 5 सितंबर को देश भर में रिलीज़ होगी। यह फिल्म सीएमजी (चाइना मीडिया ग्रुप) लोगो वाली और चीन भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली पहली फ़िल्म है।
फिल्म के मुख्य दृश्य चीनी अंतरिक्ष स्टेशन पर शनचो 13 चालक दल के सदस्य, जाई चिकांग, वांग याफिंग और ये क्वांगफ़ू द्वारा फोटोग्राफर के रूप में बनाये गए हैं, और फिल्म निर्देशक सीएमजी फिल्म, टेलीविजन और वृत्तचित्र केंद्र के निदेशक चू यिरान हैं। फिल्म कहानी शनचो-13 चालक दल के पहले छह महीने के कक्षा प्रवास पर आधारित है, जो दर्शकों को चीनी अंतरिक्ष सौंदर्य से ओतप्रोत एक असाधारण यात्रा से रूबरू कराती है।
हाल ही में, चाइना मीडिया ग्रुप ने अपना फ़िल्म लोगो जारी किया, इससे यह संकेत मिलता है कि सीएमजी का मूवी लोगो चीन की मूवी शीर्षक श्रृंखला में दिखाई देगा। फ़िल्म “शनचो 13” लोगो जारी होने के बाद चाइना मीडिया ग्रुप द्वारा निर्मित पहली फ़िल्म बन गई।
बताया गया है कि यह फिल्म चीनी अंतरिक्ष स्टेशन के केबिन में एक नए शूटिंग मोड का उपयोग करके पूरी की गई है। फिल्म में अनगिनत अभूतपूर्व अंतरिक्ष दृश्य और अंतरिक्ष जीवन के कई अनछुए विवरण शामिल हैं। ऑन-ऑर्बिट अंतरिक्ष यात्री टीम और पृथ्वी रचनात्मक टीम के संयुक्त प्रयासों से, यह फिल्म अंतरिक्ष यात्री वांग याफिंग के दृष्टिकोण से अत्यंत नाजुक भावनाओं, दृश्य आघात और ब्रह्मांडीय दर्शन का एक अनूठा तनाव प्रस्तुत करती है।
चीन के पहले अंतरिक्ष फिल्म शूटिंग मिशन के रूप में, इस फिल्म की अंतरिक्ष शूटिंग में घरेलू स्तर पर निर्मित 8K अल्ट्रा-हाई-डेफिनिशन कैमरों का इस्तेमाल किया गया। संबंधित फिल्मांकन उपकरण साल 2021 में, थ्येनचो कार्गो अंतरिक्ष यान पर चीनी अंतरिक्ष स्टेशन पहुँचाए गए।
फिल्म निर्देशक चू यिरान ने कहा कि इस अंतरिक्ष फिल्म की फिल्मांकन प्रक्रिया स्वयं “विचार + कला + प्रौद्योगिकी” सृजन का एक अभ्यास है। अंतरिक्ष फिल्में तभी संभव हैं जब चीन का मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करता रहे। सीएमजी टीम ने एयरोस्पेस टीम के साथ मिलकर काम किया, और फिल्मांकन प्रक्रिया में अंतरिक्ष वैज्ञानिक अनुसंधान परियोजनाओं से निपटने, फिल्म निर्माण की खोज करने और वायुमंडल द्वारा अलग किए गए पृथ्वी और आकाश के बीच समन्वय स्थापित करने की चुनौतियों को शामिल किया गया।
यह भी बताया गया है कि फिल्म “शनचो 13” इस साल हांगकांग अंतर्राष्ट्रीय फिल्म और टेलीविजन प्रदर्शनी में दिखाई गई। अमेरिकी मीडिया “हॉलीवुड रिपोर्टर” ने इसकी खूब प्रशंसा करते हुए कहा, “यह एक नई चीनी लाइव-एक्शन अंतरिक्ष फिल्म है जो चीनी फिल्मों के लिए नए रास्ते खोलती है।”
वहीं, इटली के रोम में फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान, इतालवी पत्रकार एलेसेंड्रा स्पेलेटा ने फिल्म देखने के बाद टिप्पणी की: “यह कोई साधारण अंतरिक्ष फिल्म नहीं है। यह पृथ्वी और ब्रह्मांड की एक भावनात्मक यात्रा, एक मार्मिक कहानी बताती है जहाँ प्रौद्योगिकी और पारिवारिक प्रेम एक दूसरे से जुड़े हुए हैं।”
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
ये भी पढ़ें- अब नहीं चलेगी चालाकी: टोल न भरने पर आएगा ई-नोटिस, 72 घंटे की डेडलाइन तय

