नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस महीने के अंत में चीन की संभावित यात्र से पहले चीन के विदेश मंत्री वांग यी 2 दिन की यात्र पर सोमवार को यहां आएंगे। विदेश मंत्रलय ने बताया कि वांग राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ सीमा से जुड़े मुद्दों पर बात करने के अलावा विदेश मंत्री डा. एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के पोलित ब्यूरो के सदस्य और विदेश मंत्री की 2 दिन की यह यात्र डोभाल के निमंत्रण पर हो रही है।
वांग भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के साथ दोनों देशों के बीच विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता करेंगे। दोनों देशों के बीच भारत-चीन सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधियों की यह 24वें दौर की वार्ता होगी। मोदी की एससीओ बैठक में भाग लेने के लिए मासांत में होने वाली चीन की संभावित यात्र से ठीक पहले हो रही वांग की यात्र को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

