Last Updated: November 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

व्यापारिक मेले की मिसाल है चीन का सबसे पुराना और बड़ा “कैंटन फेयर” 

April 25, 2023

व्यापारिक मेले की मिसाल है चीन का सबसे पुराना और बड़ा “कैंटन फेयर” 

दुनिया के सबसे पुराने व्यापारिक मेलों में से एक “कैंटन फेयर” इन दिनों चीन के शहर क्वांग्चो में चल रहा है। इसे चीन के एक्सपोर्ट-इंपोर्ट यानी आयात-निर्यात मेले के नाम से भी जाना जाता है। ये चीन का सबसे पुराना और सबसे बड़ा व्यापारिक मेला है जो कि क्वांगतोंग प्रांत की राजधानी क्वांग्चो शहर के कैंटन में हर वर्ष आयोजित किया जाता है। इस मेले की  शुरुआत 1957 में यानी 67 वर्ष पहले हुई थी और तब से ही इसे वर्ष में दो बार आयोजित किया जाता रहा है, पहला वसंत के मौसम में और दूसरा ठंड के मौसम में। इस वर्ष 2023 में कैंटन फेयर व्यापारिक मेले का 133वां आयोजन हो रहा है। वसंत ऋतु का पहला चरण 15 से 19 अप्रैल तक पांच दिनों तक चला। इस मेले का इंतज़ार उद्यम और व्यापार की दुनिया से जुड़े लोगों और दर्शकों को था, जिसमें हर वर्ग का व्यापारिक समुदाय शामिल हुआ। लिहाजा पहले चरण के पांच दिनों में ही करीब पौने 13 लाख दर्शकों ने मेले में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।

क्वागतोंग प्रांत दक्षिणी चीन में स्थित है और इसकी राजधानी क्वांग्चो इसलिए भी मशहूर हैं क्योंकि वर्ष 2010 के एशियाई खेलों की मेज़बानी इसी शहर ने की थी। ये शहर पर्ल नदी के मुहाने पर बसा है औऱ व्यापारिक बंदरगाह के रुप में दुनिया भर में जाना जाता है। शहर की पहचान 604 मीटर ऊंचे कैंटन टॉवर से भी होती है जो कि एक समय पर दुनिया के सबसे ऊंचे टॉवर के रुप में विख्यात था। फिलहाल कैंटन टॉवर चीन की दूसरी और विश्व की पांचवीं सबसे ऊंची इमारत के रुप में प्रसिद्ध है। वर्ष 2013 से 2015 तक क्वांग्चो शहर को चीन के सबसे बेहतरीन व्यापारिक शहर का खिताब भी मिल चुका है।

कैंटन फेयर की व्यापारिक थीम प्रदर्शनी की ख़ास बात ये है कि आम जनों से जुड़े और रोज़मर्रा के इस्तेमाल में आने वाली वस्तुओं को भी यहां देखा जा सकता है। व्यापार की दुनिया के नवीनतम उत्पाद और उससे जुड़ी उच्च तकनीक भी यहां देखने को मिलती है। इस बार इस प्रदर्शनी में अलग-अलग उपकरण और सामग्रियों से सजे कुल 20 प्रदर्शन क्षेत्रों को उद्यमियों, व्यापारियों और दर्शकों के लिए लगाया गया है। जिसमें घरेलू काम-काज से जुड़े उपकण, बाथरूम में काम आऩे वाली वस्तुएं एवं हार्डवेयर जैसी चीज़ें भी शामिल हैं। साथ ही इस वर्ष की ख़ास बात ये है कि ये प्रदर्शऩी ऑफ लाइन मोड में हैं इसलिए अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए कई नए उद्यमी और व्यापारी वर्ग भी इसमें हिस्सा ले रहा है। इस वर्ष उनकी संख्या चार हज़ार तक पहुंच चुकी है। मेले से जुड़े सभी वर्गों में ख़ासा उत्साह भी देखा जा रहा है। व्यापार करने वाले दुनिया भर के बिज़नेसमैन इन दिनों यहां पहुंचे हुए हैं, इसी वजह से करीब 13 हज़ार कंपनियों ने कैंटन फेयर में अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। इनमें तकरीबन पौन चार हजार नई प्रदर्शक कंपनियां और प्रतिष्ठान भी शामिल हैं।

कैंटन फेयर का पहला चरण 19 अप्रैल को समाप्त हुआ और  व्यापारिक प्रतिष्ठानों और दर्शकों का उम्दा प्रतिसाद मिलने के बाद अब सभी को इंतज़ार कैंटन फेयर के दूसरे चरण का है जो रविवार 23 अप्रैल से शुरू हो रहा है और गुरूवार 27 अप्रैल तक जारी रहेगा। वहीं इस फेयर का तीसरा चरण 1 से 5 मई के बीच आयोजित किया जाएगा।

इस मेले की वृहदता और विविधता का अंदाज़ा 122वें कैंटन फेयर के आंकड़ों के जरिए स्पष्ट रुप से लगाया जा सकता है जिसमें करीब 60 हजार से ज़्यादा बूथ लगाए गए थे, 200 से अधिक देशों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने हिस्सेदारी ली थी, डेढ़ लाख से अधिक विविध उत्पादों को प्रदर्शनी और मेले में शामिल किया गया था और करीब 20 लाख दर्शकों ने 25 हज़ार से अधिक प्रदर्शनीकर्ताओं के उत्पादों को नज़दीकी से जाना था। 

इस विशाल व्यापारिक मेले को दर्शकों और व्यापारिक वर्ग की सहूलियत के लिहाज से वर्ष में दो बार अप्रैल और अक्टूबर के महीनों में लगाया जाता है। इस वर्ष ही हेमंत ऋतु में लगने वाले कैंटन फेयर की तारीखों पर नज़र डालें तो पहला चरण 15 से 19 अक्टूबर के बीच आयोजित होगा। दूसरा चरण 23 से 27 अक्टूबर एवं तीसरा और आखिरी चरण 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। माना जा रहा है कि अक्टूबर तक वैश्विक हवाई यातायात सेवाएं और ज्यादा तरीके से खुल जाएंगीं। साथ ही वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में उछाल आऩे की उम्मीद भी जताई जा रही है, लिहाजा अक्टूबर में लगने वाले कैंटन फेयर में और अधिक भागीदारी होने की आशा है।

(विवेक शर्मा)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें