Site icon Dainik Savera Times

पेइचिंग में बांग्लादेशी विदेश मंत्री से चीनी नेताओं की मुलाकात

China Bangladesh Relations

China Bangladesh Relations

इंटरनेशनल डेस्क: चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और चीनी जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन (सीपीपीसीसी) की राष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष वांग हुनिंग तथा चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने बुधवार को देश की राजधानी पेइचिंग में बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान से अलग-अलग मुलाकात की।

दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने तथा रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर सहमति जताई। वांग हुनिंग ने इस मौके पर कहा कि वर्ष 2016 में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की बांग्लादेश की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा ने द्विपक्षीय संबंधों के विकास की दिशा तय की। उन्होंने कहा कि चीन पंचशील के सिद्धांतों पर बांग्लादेश के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध विकसित करना जारी रखेगा, उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान बढ़ाएगा, आपसी समर्थन मजबूत करेगा तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देगा। सीपीपीसीसी इसमें सक्रिय योगदान देगा।

इसके जवाब में बांग्लादेशी विदेश मंत्री खलीलुर रहमान ने कहा कि चीन बांग्लादेश का सच्चा मित्र है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश चीन को अपनी कूटनीति की प्राथमिक दिशा मानता है, एक चीन सिद्धांत का दृढ़ता से पालन करता है, संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव 2758 को चुनौती देने से इनकार करता है, तथा चीन के राष्ट्रीय एकीकरण का समर्थन करता है। उन्होंने चीन के साथ ऐतिहासिक मित्रता को आगे बढ़ाते हुए व्यावहारिक सहयोग बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को उच्च स्तर तक ले जाने की इच्छा जताई।

वहीं, चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने अपनी अलग बैठक में कहा कि चीन बांग्लादेश के साथ पारंपरिक मित्रता को आगे बढ़ाने, राजनीतिक विश्वास बढ़ाने और व्यावहारिक सहयोग को गहरा करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि चीन बांग्लादेश के राष्ट्रीय विकास की यात्रा में उसका सबसे विश्वसनीय साझेदार बना रहेगा। दोनों देश बहुपक्षीय संस्थानों और क्षेत्रीय सहयोग ढांचों में मिलकर विश्व एवं क्षेत्रीय शांति एवं विकास में योगदान देंगे।

खलीलुर रहमान ने वांग यी से मुलाकात में भी कहा कि चीन हमेशा बांग्लादेश का विश्वसनीय, अपरिहार्य मित्र एवं साझेदार रहा है। बांग्लादेश की नई सरकार चीन के साथ संबंधों को अत्यधिक महत्व देती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश थाइवान मुद्दे पर चीन के साथ दृढ़ता से खड़ा है। रहमान ने चीन की दीर्घकालिक सहायता और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की इच्छा जताई।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version