Site icon Dainik Savera Times

जनवरी और फरवरी में उपभोक्ता वस्तुओं की कुल खुदरा बिक्री में 2.8% की वृद्धि: चीनी वाणिज्य मंत्रालय

 Chinese Ministry of Commerce

 Chinese Ministry of Commerce

इंटरनेशनल डेस्क : चीनी वाणिज्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, इस वर्ष जनवरी और फ़रवरी के दौरान उपभोक्ता वस्तुओं की कुल खुदरा बिक्री 86 ख़रब 10 अरब युआन तक पहुँच गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 2.8 प्रतिशत अधिक है।

उपभोक्ता ख़र्च में समग्र रूप से मज़बूती देखी गई। जनवरी और फ़रवरी में वस्तुओं की खुदरा बिक्री में 2.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान दैनिक आवश्यक वस्तुओं की बिक्री तेज़ी से बढ़ी, जबकि उन्नत और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों की मांग भी लगातार सुदृढ़ बनी रही।

त्योहारी अवधि ने भी उपभोग को गति दी। वसंत महोत्सव की छुट्टियों के दौरान देशभर के प्रमुख खुदरा और खानपान उद्यमों की औसत दैनिक बिक्री में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 5.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके साथ ही, अनुभवात्मक उपभोग में भी तेज़ वृद्धि दर्ज की गई। जनवरी और फ़रवरी में सेवाओं की खुदरा बिक्री में 5.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

स्मार्ट और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों की मांग विशेष रूप से प्रबल बनी हुई है, जो हरित विकास और तकनीकी उन्नति के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाती है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में खपत की वृद्धि दर शहरी क्षेत्रों से अधिक रही। इस अवधि में शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ता वस्तुओं की खुदरा बिक्री में 2.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह वृद्धि 3.2 प्रतिशत रही, जो शहरी वृद्धि दर से 0.5 प्रतिशत अंक अधिक है।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

Exit mobile version