चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने गुरुवार को स्विस परिसंघ के नए अध्यक्ष गाइ परमेलिन को बधाई संदेश भेजा और उनके स्विट्ज़रलैंड के संघीय अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अपने बधाई संदेश में कहा कि वर्ष 2017 में स्विट्ज़रलैंड की उनकी राजकीय यात्रा के दौरान, दोनों देशों ने मुक्त व्यापार समझौते के उन्नयन पर संयुक्त अनुसंधान शुरू करने की घोषणा की थी।
अध्यक्ष परमेलिन के प्रयासों से इस समझौते के उन्नयन वार्ता में सकारात्मक प्रगति हुई है। वर्तमान में, एकतरफावाद और संरक्षणवाद बढ़ रहे हैं, ऐसे में दोनों देशों का मुक्त व्यापार का समर्थन करना चीन-स्विट्ज़रलैंड संबंधों के उच्च स्तरीय विकास की सच्ची तस्वीर है, और विश्व की समृद्धि के लिए अधिक निश्चितता और स्थिरता भी प्रदान करता है।
राष्ट्रपति शी ने आगे कहा कि वर्ष 2026 चीन-स्विट्ज़रलैंड नवाचार रणनीतिक साझेदारी की 10वीं वर्षगांठ है, और चीन की “15वीं पंचवर्षीय योजना“ की शुरुआत का वर्ष भी है, इसलिए दोनों देशों के नवाचार सहयोग के लिए व्यापक अवसर मौजूद हैं। राष्ट्रपति शी ने ज़ोर देकर कहा कि वे चीन-स्विट्ज़रलैंड संबंधों के विकास को उच्च प्राथमिकता देते हैं और अध्यक्ष परमेलिन के साथ मिलकर पारस्परिक लाभ वाले सहयोग को लगातार विस्तारित करने, चीन-स्विट्ज़रलैंड संबंधों को नए चरणों तक ले जाने और दोनों देशों की जनता के लिए बेहतर कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करने को तैयार हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)