गैबॉन गणराज्य के राष्ट्रपति ब्राइस ओलिगुई नगुएमा के निमंत्रण पर चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के विशेष दूत और चीनी जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन की राष्ट्रीय समिति के उपाध्यक्ष मू होंग ने 3 मई को गैबॉन की राजधानी लिब्रेविल में आयोजित राष्ट्रपति नगुएमा के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। अगले दिन, 4 मई को राष्ट्रपति नगुएमा ने लिब्रेविल में मू होंग के साथ एक विशेष मुलाकात की, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
मू होंग ने राष्ट्रपति नगुएमा को चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि चीन गैबॉन के साथ अपने संबंधों को अत्यधिक महत्व देता है और दोनों देशों की पारंपरिक मित्रता को और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मू होंग ने बताया कि चीन गैबॉन के साथ एकजुटता और सहयोग को बढ़ावा देकर आपसी विश्वास को मजबूत करना चाहता है। साथ ही, आपसी लाभ और साझा जीत के सिद्धांतों के आधार पर सहयोग को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई, ताकि चीन-गैबॉन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सके।
वहीं, राष्ट्रपति नगुएमा ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में विशेष दूत भेजने के लिए राष्ट्रपति शी चिनफिंग के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने मू होंग के माध्यम से राष्ट्रपति शी को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
नगुएमा ने कहा कि गैबॉन चीन के साथ अपनी पारंपरिक मित्रता को बहुत महत्व देता है और एक-चीन सिद्धांत के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराता है। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में चीन के साथ व्यावहारिक सहयोग को और गहरा करने की इच्छा जताई, ताकि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में नए अवसरों का सृजन हो और यह साझेदारी और समृद्ध हो।
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

