Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग जोहान्सबर्ग पहुंचे

August 22, 2023

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग जोहान्सबर्ग पहुंचे

 

 

स्थानीय समयानुसार 21 अगस्त की शाम को, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने और दक्षिण अफ्रीका की राजकीय यात्रा करने के लिए जोहान्सबर्ग पहुंचे। शी चिनफिंग का विशेष विमान जोहान्सबर्ग के टैम्बो अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा शी के स्वागत के लिए हवाई अड्डे पहुंचे।

हवाई अड्डे पर शी चिनफिंग ने लिखित भाषण देते हुए कहा कि एक बार फिर दक्षिण अफ्रीका आने पर उन्हें बेहद खुशी हुई और वह चीन-दक्षिण अफ्रीका संबंधों को गहरा करने और आम चिंता के मुद्दों पर राष्ट्रपति रामफोसा के साथ विचारों का गहन आदान-प्रदान करने के लिए उत्सुक हैं।

शी चिनफिंग ने बल देते हुए कहा कि इस वर्ष चीन और दक्षिण अफ्रीका के बीच कूटनीतिक संबंध की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ है। दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी संबंध नए दौर में प्रवेश कर चुका है। चीन-दक्षिण अफ्रीका संबंधों के सुदृढ़ीकरण और विकास से न केवल दोनों देशों के लोगों को लाभ होता है, बल्कि अशांत दुनिया में अधिक स्थिरता भी आती है।

उनका मानना है कि दोनों पक्षों के संयुक्त प्रयासों से उनकी यात्रा पूरी तरह सफल होगी। शी चिनफिंग ने यह भी कहा कि उभरते बाजार देशों और प्रमुख विकासशील देशों के लिए एक महत्वपूर्ण सहयोग मंच के रूप में, ब्रिक्स सहयोग तंत्र विश्व आर्थिक विकास को बढ़ावा देने, वैश्विक प्रशासन में सुधार और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लोकतंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए एक रचनात्मक शक्ति बन गया है।

माना जा रहा है कि ब्रिक्स नेताओं का मौजूदा शिखर सम्मेलन ब्रिक्स सहयोग तंत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और विकासशील देशों की एकजुटता और सहयोग को उच्च स्तर पर ले जाएगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें