Site icon Dainik Savera Times

चीनी प्रधानमंत्री ने कृषि उपज की आपूर्ति की सुरक्षा की आवश्यकता पर बल दिया

इंटरनेशनल डेस्क: चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने हाल ही में वसंत कृषि उत्पादन पर एक निर्देश जारी कर अनाज और अन्य प्रमुख कृषि उत्पादों की आपूर्ति को स्थिर करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आग्रह किया है, जिससे देश के वार्षिक उत्पादन लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ठोस आधार तैयार हो सके।

अपने निर्देश में ली छ्यांग ने कहा कि सभी इलाकों और विभागों को कृषि और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देना जारी रखना चाहिए, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपनी जिम्मेदारियों का वहन करना चाहिए, अनाज और अन्य प्रमुख कृषि उत्पादों के स्थिर उत्पादन और आपूर्ति को सुनिश्चित करने की अपनी क्षमता में सुधार करना चाहिए।

ली ने यह भी कहा कि ग्रामीण पुनरोद्धार को बढ़ावा देने के लिए, देश को कृषि को मजबूत करने, किसानों को लाभ पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों को समृद्ध बनाने के लिए अपनी सहायता प्रणालियों में सुधार करना चाहिए, साथ ही गरीबी उन्मूलन में प्राप्त उपलब्धियों को मजबूत करना और उनका निर्माण करना जारी रखना चाहिए।

वसंत कृषि उत्पादन के महत्व पर जोर देते हुए, प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने अनाज और तेल फसल रोपण क्षेत्रों को स्थिर करने के प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उन्नत और उपयोगी कृषि मशीनरी और उपकरणों के उपयोग में तेजी लाने के साथ-साथ कृषि विज्ञान और प्रौद्योगिकी में प्रगति के बड़े पैमाने पर अनुप्रयोग के लिए भी काम किया जाना चाहिए।

उधर, 20 मार्च गुरुवार को, पूर्वी चीन के च्यांगसू प्रांत के सुछ्येन शहर में वसंत कृषि उत्पादन पर एक राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें चीनी उप प्रधानमंत्री ल्यू क्वोचोंग ने भाग लिया और भाषण दिया।

इस सम्मेलन में उप प्रधानमंत्री ल्यू क्वोचोंग ने प्रधानमंत्री ली छ्यांग के निर्देशों का कार्यान्वयन करने और वसंत जुताई के लिए ठोस तैयारी करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि देश को उच्च मानक वाली कृषि भूमि पर खेती करके अपनी कृषि योग्य भूमि की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए काम करना चाहिए और विभिन्न संस्थाओं को अपनी प्रति इकाई फसल पैदावार बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।

ल्यू ने यह भी कहा कि प्राकृतिक आपदाओं की निगरानी और आपातकालीन प्रतिक्रिया को बढ़ाने, अनाज बाजार के विनियमन, गोमांस और डेयरी पशुपालन के लिए समर्थन, तथा किसानों की आय बढ़ाने से संबंधित कार्यों में समन्वय स्थापित करने के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिए।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

ये भी पढ़ें- फिल्मी जगत को लगा बड़ा झटका, आशा भोसले के बाद इस मशहूर एक्टर का भी हुआ निधन

Exit mobile version