इंटरनेशनल डेस्क: 22 मई को चीन की राजधानी पेइचिंग में आयोजित 2025 वैश्विक व्यापार और निवेश संवर्धन शिखर सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में चीन के उपराष्ट्रपति हान छंग ने भाग लिया और संबोधन दिया। अपने संबोधन में उन्होंने वैश्विक व्यापार और निवेश के बदलते स्वरूप, डिजिटल तकनीकों की भूमिका और चीन की विकास नीति पर विस्तार से प्रकाश डाला।
हान छंग ने कहा कि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के अनुसार, इंटरनेट, बिग डेटा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों को पारंपरिक वास्तविक अर्थव्यवस्था के साथ गहराई से जोड़ने की दिशा में सक्रिय प्रयास करने की आवश्यकता है। इससे न केवल नई गुणवत्ता वाली उत्पादकता को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि उच्च गुणवत्ता वाले विकास को नई गति भी मिलेगी। वर्तमान में दुनिया वैज्ञानिक और तकनीकी क्रांति तथा औद्योगिक परिवर्तन के एक नए दौर से गुजर रही है। डिजिटल अर्थव्यवस्था और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे नए उद्योग वैश्विक व्यापार और निवेश के पैटर्न को तेजी से रूपांतरित कर रहे हैं, जिससे विकास की अपार संभावनाएं उभर रही हैं।
उपराष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि पूरी दुनिया को मिलकर इन नए अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। डिजिटल तकनीकों के नवाचारी प्रयोगों को और अधिक व्यापक और गहरा बनाने की आवश्यकता है ताकि वैश्विक अर्थव्यवस्था की पुनर्बहाली और विकास को सशक्त प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने डिजिटल युग में खुले सहयोग, आपसी लाभ और सभी पक्षों के लिए लाभकारी साझेदारी को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हमें निष्पक्षता और समावेशिता को अपनाते हुए डिजिटल और बुद्धिमत्ता आधारित विभाजनों को पाटने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा सके।
हान छंग ने यह भी स्पष्ट किया कि चीन बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था और समावेशी आर्थिक वैश्वीकरण को समर्थन देता है और विश्व अर्थव्यवस्था में स्थायित्व और विकास का एक मजबूत आधार बना हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चीन उच्च स्तरीय खुलेपन को आगे बढ़ाने, उच्च गुणवत्ता वाले विकास को साकार करने और विभिन्न देशों के उद्यमों के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने के अपने संकल्प पर दृढ़ है। उनके अनुसार, “चीन के साथ हाथ मिलाना, वास्तव में अवसरों के साथ हाथ मिलाना है।”
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)
ये भी पढ़ें: बिहार की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबरः नितिन नवीन ने विधायक पद छोड़ा, शेयर किया भावुक संदेश