Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Sudan में सेना और RSF के बीच संघर्ष में 83 से अधिक लोगों की हुई मौत : WHO

April 17, 2023

Sudan में सेना और RSF के बीच संघर्ष में 83 से अधिक लोगों की हुई मौत : WHO

खातरूमः सूडान में सेना और रैपिड सपोर्ट फोर्स के बीच संघर्ष में मरने वालों की संख्या 83 से अधिक हो गई है, जबकि 1,100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने यह जानकारी दी है। डब्ल्यूएचओ ने बताया कि गत 13 अप्रैल से खातरूम प्रांत, दक्षिण कोडरेफन, उत्तरी दारफुर, उत्तरी राज्य और अन्य क्षेत्रों में संघर्ष में 83 से अधिक लोग मारे गए हैं और 1126 अन्य घायल हुए हैं। सेना और आरएसएफ के बीच लड़ाई अब खातरूम शहर में केंद्रित है और वहां के कई अस्पताल में रक्ताधान उपकरण और चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाओं में की कमी की रिपोर्ट सामने आ रही हैं।

गौरतलब है कि सेना और आरएसएफ के बीच शनिवार को संघर्ष हुआ, जिसका केंद्र खातरूम शहर है। सरकारी बलों ने आरएसएफ पर विद्रोह का आरोप लगाया और उनके ठिकानों पर हवाई हमले शुरु कर दिये। आरएसएफ ने खातरूम में राष्ट्रपति भवन और मेरोवे में हवाई अड्डों पर नियंत्रण का दावा किया। राष्ट्रीय सेना ने राष्ट्रपति भवन पर आरएसएफ के नियंत्रण के दावों को सिरे से नकार दिया है।

उल्लेखनीय हे कि शनिवार देर रात सूडानी सशस्त्र बल के कमांडर-इन-चीफ अब्देल फत्ताह अल बुरहान ने आरएसएफ को भंग करने का फरमान जारी किया था। आरएसएफ ने चार घंटे के लिए मानवीय गलियारे खोलने पर सहमति जताते हुए एक बयान जारी किया। सूडान में दोनों सशस्त्र बलों के बीच संघर्ष रविवार को भी जारी रहा। सूडानी सशस्त्र बलों ने कल शाम चार बजे से तीन घंटे के लिए मानवीय गलियारे खोलने के संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव को सहमति दी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें