Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन के इस गांव में 3 साल रहे थे कन्फ्यूशियस, सरकार ने किया संरक्षित

July 8, 2025

चीन के इस गांव में 3 साल रहे थे कन्फ्यूशियस, सरकार ने किया संरक्षित

इंटरनेशनल डेस्क : महान चीनी दार्शनिक कन्फ्यूशियस का जन्मस्थान लोगों को बरबस अपनी ओर खींच लाता है। क्योंकि चीन सरकार ने उनके रहने के स्थान, अध्यापन स्थल व मंदिरों को बहुत अच्छे ढंग से संजो कर रखा हुआ है।

कन्फ्यूशियस से संबंधित विभिन्न जगहें सांस्कृतिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित की गयीं हैं। गौरतलब है कि उनका जन्म चीन के वसंत-शरद ऋतु काल में लू राज्य के छवीफू में हुआ था, जो अब चीन के शानतोंग प्रांत में स्थित है। हालाँकि इस क्षेत्र को लुयुआन गांव के रूप में जाना जाता है और यह माउंट नी (नीशान) की तलहटी पर है।

इस गांव का पुराना नाम छांग फिंग था, जो यहाँ पास की छोटी पहाड़ी की वजह से पड़ा। इसका आकार सोए हुए बुद्ध की तरह दिखता है। इस गाँव को कन्फ्यूशियस का जन्मस्थान माना जाता है। इसके कारण यह क्षेत्र कन्फ्यूशियन संस्कृति और पर्यटन का केंद्र बन गया है। जहाँ पर बड़ी संख्या में पर्यटक और कन्फ़्यूशियस के विचारों से प्रभावित लोग आते हैं। इससे पता चलता है कि चीन के ग्रामीण इलाक़ों का पुनरुद्धार सांस्कृतिक तरीके से हो रहा है। गांवों को विकास की रफ़्तार से जोड़ने की कवायद सफल साबित हुई है।

लुयुआन गांव, जो कि कन्फ़्यूशियस की वजह से बहुत लोकप्रिय है, इस गांव में जाने का अवसर मुझे पहली बार मिला। हमें सोमवार रात 8 बजे लुयुआन गांव में ले जाया गया। मौसम बहुत गर्म था, बस से उतरते ही बारिश शुरू हो गयी। मेरे साथ मौजूद अन्य लोग बारिश के कारण इस गांव का भ्रमण करने के बजाय होटल वापस जाना चाहते थे, जो कि यहाँ से लगभग 1 घंटा दूर था। लेकिन मेरा मन लुयुआन में घूमने को कर रहा था, क्योंकि यह गांव बेहद सुंदर ढंग से पुनर्निर्मित किया गया है।
रात का नज़ारा बहुत मनमोहक और सुंदर लग रहा था। मैं बस से नीचे उतरा और वहाँ खड़े गाइड ने मुझसे कहा कि उनके पास छाता है, तो मैं उनके साथ धीरे-धीरे चलने लगा। लेकिन अन्य लोग बस से बाहर निकलने में घबरा रहे थे। कुछ देर बातचीत के दौरान बारिश कम हो गयी और लोगों के लिए छाताओं की व्यवस्था कर ली गयी। मैं ख़ुश होकर लुयुआन में कन्फ़्यूशियस से जुड़ी हुई चीज़ों को देखने गाइड के साथ आगे बढ़ने लगा।

हमें बताया गया कि इस गाँव में कन्फ़्यूशियस पैदा होने के बाद तीन साल तक रहे। इसी बीच उनके पिता का निधन हो गया और उनकी माँ उन्हें छवीफू ले गयी। गाइड तोंग जिंगयांग ने हमें कन्फ़्यूशियस से जुड़े कुछ किस्से और कहानियाँ सुनाईं। उन्होंने बताया कि कन्फ़्यूशियस के पिता की तीन पत्नियाँ और कई बच्चे थे।
गांव में विभिन्न चीज़ों को देखने और तीरंदाज़ी का अनुभव लेने के बाद रात में लुयुआन में वनछांग केंद्र के बाहर अद्धुत और मंत्रमुग्ध करने वाले शो का आनंद उठाया। इस शो को दर्जनों कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया। शो लुयुआन नदी के उद्गम आदि पर आधारित था। बताया जाता है कि हर रात को इसका आयोजन होता है।
कहा जा सकता है कि चीन में विभिन्न स्थलों को पर्यटन के साथ जोड़ते हुए शानदार ढंग से संरक्षित किया गया है । चीन लेख के साथ लगी इन तस्वीरों से आपको गांव की सुंदरता का अंदाज़ा ख़ुद हो जाएगा।

(अनिल पांडेय, चाइना मीडिया ग्रुप, छवीफू शानतोंग)

ये भी पढ़ें : जिंदगी बहुत मुश्किल हो गई… पीएम मोदी और अमित शाह की वजह से जीवित हूं, जानें नूपुर शर्मा ने ऐसा क्यों कहा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें