30वें संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (COP30) के दौरान, “हरित और कम कार्बन वाले सुंदर शहरों का निर्माण” थीम वाली “चीन मंडप” की एक बैठक 17 नवंबर को ब्राजील में आयोजित की गई। इसकी सह-मेजबानी चाइना मीडिया ग्रुप (CMG) के अधीनस्थ CGTN, चीनी पारिस्थितिकी और पर्यावरण मंत्रालय के प्रचार और शिक्षा केंद्र, संयुक्त राष्ट्र प्रशिक्षण और अनुसंधान संस्थान (UNITAR) और अन्य संगठनों द्वारा की गई।
इस कार्यक्रम में सरकार, शिक्षा जगत, व्यापार, अंतर्राष्ट्रीय संगठनों और मीडिया से 100 से अधिक अतिथियों ने भाग लिया, जिन्होंने इस बात पर चर्चा की कि किस प्रकार नवाचार और सहयोग वैश्विक शहरों के हरित और निम्न-कार्बन परिवर्तन को आगे बढ़ा सकते हैं और सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद कर सकते हैं।
इस दौरान, चीनी पारिस्थितिकी और पर्यावरण मंत्रालय के उप मंत्री ली काओ ने अपने भाषण में कम कार्बन वाले शहरों के निर्माण में चीन की सकारात्मक उपलब्धियों का परिचय दिया और उम्मीद जतायी कि मौजूदा “चीन मंडप” के आयोजन से आदान-प्रदान लगातार मजबूत किया जाएगा, सहयोग का विस्तार किया जाएगा, एक साथ सुन्दर, रहने योग्य, लचीले, हरित और कम कार्बन उत्सर्जन वाले शहरों का निर्माण किया जाएगा, ताकि वैश्विक जलवायु शासन में अधिक प्रेरित शक्ति और अधिक निश्चितता का संचार किया जा सके।
वहीं, सीएमजी लैटिन अमेरिका ब्यूरो के निदेशक चू पोयिंग ने कहा कि चाइना मीडिया ग्रुप अपने समृद्ध उत्पादों के माध्यम से हरित विकास पर संवाद को लगातार बढ़ावा देता रहेगा, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के क्षितिज को व्यापक बनाएगा, और विभिन्न देशों में हरित शहरों के विकास के लिए नए विचार और अंतर्दृष्टि प्रदान करेगा।
उधर, UNITAR के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी माइकल अडारा ने अपने भाषण में हरित विकास में चीन की उपलब्धियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की, और कहा कि चीन की शहरीकरण प्रक्रिया में प्रदर्शित नवोन्मेषी क्षमताएं, हरित परिवर्तन पद्धतियां, तथा भविष्य के विकास को संयुक्त रूप से बढ़ावा देने के लिए सरकार और लोगों का दृढ़ संकल्प वैश्विक आर्थिक सुधार और हरित परिवर्तन के लिए आशा जगाता है। उन्होंने कहा कि UNITAR शहरों में शुद्ध-शून्य परिवर्तन, हरित प्रतिभा विकास और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए चीन के साथ लगातार सहयोग करेगा, ताकि वैश्विक हरित विकास में योगदान मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान, CGTN ने एक गोलमेज चर्चा का भी आयोजन किया, जिसमें अतिथियों ने “हरित प्रौद्योगिकी कैसे कम कार्बन वाले शहरों की आर्थिक समृद्धि और जलवायु कार्रवाई को बढ़ावा दे सकती है” और “सार्वजनिक-निजी भागीदारी कैसे सतत नवाचार को बढ़ावा दे सकती है” जैसे विषयों पर चर्चा की और चीन, ब्राज़ील एवं अन्य देशों के सफल मामलों और अनुभवों को साझा किया।
प्रतिभागियों ने कहा कि हरित और कम कार्बन वाले शहरों के निर्माण में चीन की उपलब्धियाँ और अनुभव वैश्विक संदर्भ के योग्य हैं। चीन के हरित विकास दर्शन और व्यावहारिक कार्यों ने वैश्विक जलवायु शासन में नई ऊर्जा का संचार किया है, विशेष रूप से, “वैश्विक दक्षिण” देशों के बीच सहयोग में कई विचारोत्तेजक अनुभव प्रदान किया है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

