Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में डेंगू का कहर, 24 घंटे में मिले 99 नए मामले

October 21, 2026

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में डेंगू का कहर, 24 घंटे में मिले 99 नए मामले

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिछले 24 घंटे के दौरान डेंगू के 99 नए मामले सामने आए हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, वर्ष 2026 में एक दिन में दर्ज किए गए डेंगू के मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है।

पाकिस्तान के प्रमुख अखबार डॉन ने इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस एंड रिस्पॉन्स सिस्टम (आईडीएसआरएस) की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि नए मामलों के साथ खैबर पख्तूनख्वा में इस साल डेंगू के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,091 हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रांत में फिलहाल डेंगू के 144 सक्रिय मामले हैं, जबकि 3,946 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं।

अक्टूबर का महीना खैबर पख्तूनख्वा के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। प्रांत में डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। खासकर कोहाट जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ गया है। एक अक्टूबर से अब तक कोहाट में 80 मामले सामने आए हैं। इसके बाद बन्नू में 24 और पेशावर में 18 मामले दर्ज किए गए हैं।

कोहाट में मामलों में तेजी से हुई बढ़ोतरी के कारण अस्पतालों पर दबाव बढ़ गया है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के प्रसार को रोकने और संक्रमण की रोकथाम के लिए विभिन्न कदम उठाए हैं। इस बीच, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में भी इस साल डेंगू के 42 मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों और अधिक जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान कर निगरानी बढ़ा दी है।

आंकड़ों के अनुसार, इस्लामाबाद में एक जनवरी से 16 अक्टूबर के बीच ग्रामीण इलाकों में डेंगू के 32 मामले, जबकि शहरी क्षेत्रों में 10 मामले दर्ज किए गए। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में डेंगू की रोकथाम के लिए गठित टीमों ने इस्लामाबाद में निगरानी और नियंत्रण से जुड़ी 3,82,452 गतिविधियां संचालित कीं।

अधिकारियों के अनुसार, अक्टूबर में चलाए गए अभियानों के दौरान मच्छरों के लार्वा वाले 7,669 स्थानों की पहचान कर उन्हें नष्ट किया गया। टीमों ने 10,084 स्थानों का दौरा किया। वहीं, हॉटस्पॉट निगरानी अभियान के तहत इनडोर वेक्टर सर्विलांस टीमों ने संभावित प्रजनन स्थलों की पहचान के लिए 72,305 घरों का निरीक्षण किया।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, डेंगू एक वायरल संक्रमण है, जो डेंगू वायरस (डीईएनवी) के कारण होता है। यह संक्रमित मच्छरों के काटने से मनुष्यों में फैलता है। इस बीमारी की रोकथाम और नियंत्रण के लिए मच्छरों की संख्या और उनके प्रजनन स्थलों को नियंत्रित करना महत्वपूर्ण है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, डेंगू और गंभीर डेंगू के लिए कोई विशिष्ट उपचार उपलब्ध नहीं है। हालांकि, बीमारी की समय पर पहचान और उचित चिकित्सा सुविधा मिलने से गंभीर डेंगू के कारण होने वाली मृत्यु दर को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें