Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन में विकलांग लोगों के लिए खेलों का विकास दुनिया के लिए एक “चीनी मॉडल” का उदाहरण प्रस्तुत करता है: आईपीसी अध्यक्ष

January 14, 2026

चीन में विकलांग लोगों के लिए खेलों का विकास दुनिया के लिए एक “चीनी मॉडल” का उदाहरण प्रस्तुत करता है: आईपीसी अध्यक्ष

अंतर्राष्ट्रीय पैरालंपिक समिति (आईपीसी) के अध्यक्ष एंड्रयू पार्सन्स ने 13 जनवरी को कहा कि चीन विश्व स्तर पर पैरालंपिक आंदोलन और विकलांग लोगों के लिए खेलों के विकास में एक महत्वपूर्ण अग्रणी देश बन गया है। खेलों के माध्यम से विकलांग लोगों के पुनर्वास और सामाजिक एकीकरण को बढ़ावा देने के चीन के प्रयासों ने दुनिया को एक ऐसा “चीनी मॉडल” प्रदान किया है जो सीखने योग्य है।

उस दिन, पार्सन्स ने बुडापेस्ट में विकलांग बच्चों के लिए हंगरी के पुनर्वास केंद्रों और खेल केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान, उन्होंने चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के संवाददाता से कहा कि हाल के वर्षों में, पैरालंपिक खेलों में चीन ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है और ग्रीष्मकालीन पैरालंपिक पदक तालिका में लगातार शीर्ष स्थान पर रहा है। वर्ष 2022 पेइचिंग शीतकालीन पैरालंपिक खेलों के बाद, इसने शीतकालीन खेलों में अपनी समग्र क्षमता में तेजी से सुधार किया है और शीतकालीन पैरालंपिक खेलों में एक महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में उभरा है जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

पार्सन्स ने कहा, “चीन में खेल केवल प्रतिस्पर्धा का साधन नहीं हैं, बल्कि विकलांग लोगों को समाज में एकीकृत करने का एक महत्वपूर्ण तरीका भी हैं। मैंने कई बार चीन का दौरा किया है और यह सब अपनी आँखों से देखा है। यह एक अनुकरणीय विकास मॉडल है।” पार्सन्स ने चीन के पेइचिंग, शांगहाई, हांगचो आदि शहरों में स्थापित प्रशिक्षण केंद्रों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ये उच्च स्तर के हैं और विकलांग एथलीटों को व्यवस्थित एवं पेशेवर प्रशिक्षण सहायता प्रदान करते हैं। उनके विचार में, चीन द्वारा विकलांग एथलीटों के लिए प्रदान किया गया प्रशिक्षण वातावरण संभवतः दुनिया में सर्वश्रेष्ठ में से एक है।

पार्सन्स ने यह भी कहा कि चीन के तीव्र विकास ने वैश्विक पैरालंपिक खेलों के समग्र प्रदर्शन में भी सुधार किया है। 2022 पेइचिंग शीतकालीन पैरालंपिक खेलों के बाद, शीतकालीन खेलों के पारंपरिक महाशक्तियों को एक नए प्रतिस्पर्धी परिदृश्य का सामना करना पड़ रहा है, जो शीतकालीन पैरालंपिक आंदोलन की प्रगति को और बढ़ावा देगा। बता दें कि मिलानो-कोर्टिना शीतकालीन पैरालंपिक खेल 6 से 15 मार्च, 2026 तक आयोजित किए जाएंगे, जिसमें 6 खेल और 79 स्पर्धाएं शामिल होंगी।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें