ढाका : बांग्लादेश की राजधानी ढाका की हवा बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर ढाका का एयर क्वालिटी इंडेक्स 213 दर्ज किया गया, जिसके साथ ही ढाका दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की लिस्ट में पहले नंबर पर रहा। यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश (यूएनबी) की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्यूआई पैमाने के अनुसार ढाका में हवा की गुणवत्ता को बहुत खराब माना गया।
यह स्वास्थ्य के लिए गंभीर चेतावनी है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। मलेशिया का कुआलालंपुर 208 एक्यूआई के साथ दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में दूसरे स्थान पर रहा, जबकि सिंगापुर 179 के एक्यूआई के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
एक्यूआई मानकों के अनुसार, 301 से ऊपर की रीडिंग को ‘खतरनाक’ माना जाता है; 201-300 के बीच की रीडिंग को ‘बहुत खराब’ माना जाता है; 151-200 के बीच की रीडिंग को ‘खराब’ की श्रेणी में रखा जाता है; जबकि 101-150 के बीच की रीडिंग को ‘संवेदनशील समूहों के लिए अस्वस्थ’ माना जाता है।
यूएनबी की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश का ढाका लंबे समय से वायु प्रदूषण की समस्या से जूझ रहा है। आमतौर पर सर्दियों में हवा की गुणवत्ता खराब हो जाती है और मानसून के मौसम में इसमें सुधार होता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, वायु प्रदूषण के कारण दुनिया भर में हर साल 70 लाख (7 मिलियन) लोगों की मौत होती है। इन मौतों का मुख्य कारण हृदय रोग, स्ट्रोक, क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी), फेफड़ों का कैंसर और सांस से जुड़े गंभीर संक्रमण होते हैं।

