चंडीगढ़: डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर की पांच दिन की सीबीआई रिमांड आज समाप्त हो रही है। इसके बाद उन्हें विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई की जांच टीम ने अब तक मामले से जुड़ी कई अहम फाइलें और डिजिटल सबूत बरामद किए हैं। संभावना जताई जा रही है कि एजेंसी आगे की पूछताछ के लिए रिमांड बढ़ाने की मांग कर सकती है।
इस बीच, इसी केस में गिरफ्तार बिचौलिए कृष्णू शारदा की चार दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने पर उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अगली सुनवाई 20 नवंबर को तय की गई है। पेशी के दौरान कृष्णू लंगड़ाते हुए अदालत पहुंचा, जिसके बाद उसके वकील ने मेडिकल जांच की मांग की।
अब ईडी भी सक्रिय, जांच की दिशा में बड़ा मोड़
मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी औपचारिक रूप से एंट्री ले ली है। सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम आज चंडीगढ़ स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंचेगी। वहां एजेंसी डीआईजी भुल्लर से जुड़ी वित्तीय लेनदेन की फाइलों के साथ-साथ बेनामी संपत्ति से संबंधित रिकॉर्ड की जांच करेगी।
ईडी उन आईएएस और आईपीएस अधिकारियों का डेटा भी खंगालने वाली है जिन पर बेनामी संपत्तियां अर्जित करने के आरोप हैं।
ये भी पढ़ें: 6 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी
50 से अधिक अधिकारियों पर जांच की आंच
सीबीआई की अब तक की जांच में पंजाब के करीब 50 अधिकारियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी संदिग्ध भूमिका पर एजेंसी ने प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार कर ली है। बताया जा रहा है कि ईडी अब इन अधिकारियों को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुला सकती है।ईडी की सक्रियता से राज्य के कई उच्च अधिकारियों की मुश्किलें और बढ़ने की संभावना है।

