Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- ईरान सरेंडर करे नहीं तो…

March 15, 2026

डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- ईरान सरेंडर करे नहीं तो…

इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान को सरेंडर करने की सलाह दी है। एक टीवी चैनल को दिए टेलीफोनिक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि उन्हें जानकारी मिल रही है कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन अभी की परिस्थितियों में वे किसी समझौते के लिए तैयार नहीं हैं। ट्रंप ने साफ कहा कि अगर कोई समझौता होगा तो वह बहुत मजबूत और स्पष्ट शर्तों वाला होना चाहिए। उनके अनुसार अभी जो शर्तें सामने आ रही हैं, वे अमेरिका के लिए पर्याप्त नहीं हैं। इसलिए फिलहाल युद्धविराम या समझौते की संभावना कम दिखाई दे रही है।

नए सुप्रीम लीडर की सेहत पर जताया शक
ट्रंप ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई की सेहत को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि काफी समय से मुज्तबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं और किसी को उनसे मिलने का मौका भी नहीं मिला है। ट्रंप ने कहा, “मुझे नहीं पता कि वे जिंदा भी हैं या नहीं। ऐसी खबरें भी सुनने को मिल रही हैं कि वे जीवित नहीं हैं। अगर वे जिंदा हैं, तो उन्हें अपने देश के हित में समझदारी दिखानी चाहिए और सरेंडर करने पर विचार करना चाहिए।

अमेरिकी रक्षा मंत्री का भी दावा
इससे पहले अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी दावा किया था कि हाल ही में हुए सैन्य हमलों में मुज्तबा खामेनेई घायल हो गए हैं। उनके अनुसार वे गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं और उनकी स्थिति कमजोर हो गई है। हेगसेथ ने कहा कि ईरान का नेतृत्व इस समय डरा हुआ है और उसकी वैधता भी सवालों के घेरे में है।

खारग द्वीप पर बड़े हमले का दावा
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के महत्वपूर्ण तेल निर्यात केंद्र खारग द्वीप पर बड़े पैमाने पर हमला किया है। उनके अनुसार इस हमले में द्वीप लगभग पूरी तरह तबाह हो गया है। हालांकि उन्होंने कहा कि ऊर्जा से जुड़ी कुछ अहम संरचनाओं को जानबूझकर बचाया गया है ताकि बाद में लंबे समय तक पुनर्निर्माण की जरूरत न पड़े। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका चाहे तो वहां और हमले भी कर सकता है।

ईरान की मिसाइल और ड्रोन क्षमता कमजोर होने का दावा
ट्रंप के मुताबिक अमेरिका ने ईरान की अधिकांश मिसाइलों और ड्रोन को नष्ट कर दिया है। इससे ईरान की घरेलू सैन्य उत्पादन क्षमता को बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि अब ईरान पहले जितना मजबूत नहीं रहा और उसकी सैन्य ताकत काफी कमजोर पड़ गई है।

होर्मुज स्ट्रेट में युद्धपोत तैनात करने की अपील
ट्रंप ने दुनिया के कई देशों से होर्मुज स्ट्रेट में अपने युद्धपोत तैनात करने की अपील की है। यह जलमार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक माना जाता है। उन्होंने खास तौर पर ब्रिटेन, चीन, फ्रांस, जापान और दक्षिण कोरिया से इस क्षेत्र की सुरक्षा में सहयोग करने को कहा है।

चुनाव की चिंता नहीं, सुरक्षा सबसे अहम
ट्रंप ने कहा कि इस पूरे मुद्दे का अमेरिका के आगामी चुनावों पर क्या असर पड़ेगा, इसकी उन्हें बिल्कुल चिंता नहीं है। उनके अनुसार उनकी सरकार का मुख्य लक्ष्य क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में ईरान कभी भी मिडिल-ईस्ट में अपनी ताकत का दबदबा न बना सके।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें