इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में आने वाले थर्ड वर्ल्ड देशों के प्रवासियों की एंट्री को स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा। इससे अमेरिकी सिस्टम को ‘रिकवर और रीसेट’ होने का मौका मिलेगा।
यह बयान उस घटना के बाद आया, जिसमें व्हाइट हाउस के पास एक अफगान नागरिक द्वारा गोली मारे गए दो नेशनल गार्ड जवानों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसी घटना के बाद अमेरिका सरकार ने अफगानिस्तान समेत 19 देशों के प्रवासियों को दिए गए ग्रीन कार्ड की समीक्षा करने का फैसला किया।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि वे सभी थर्ड वर्ल्ड देशों से आने वाले माइग्रेशन को पूरी तरह खत्म कर देंगे। बाइडेन सरकार के समय में लाखों लोग अवैध रूप से अमेरिका में घुस आए और कई को कथित रूप से ऑटोपेन से मंजूरी देकर इंट्री दी गई, जिसे वे खत्म करेंगे।
ये भी पढ़ें: बोलेरो पिकअप और मारुति की जोरदार टक्कर, 6 लोगों की मौके पर मौत
ट्रंप ने आगे कहा कि उनकी सरकार उन सभी प्रवासियों को देश से बाहर करेगी, जो अमेरिका के लिए उपयोगी नहीं हैं या फिर जिनका देश से कोई लगाव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि गैर-नागरिकों को मिलने वाले सभी फेडरल लाभ और सब्सिडी बंद की जाएंगी। साथ ही ऐसे प्रवासियों की नागरिकता भी रद्द की जाएगी, जो देश की शांति के लिए खतरा हैं। ट्रंप ने ऐसे विदेशी नागरिकों को भी बाहर निकालने की बात कही, जिन्हें वे सिक्योरिटी रिस्क मानते हैं या जो पश्चिमी सभ्यता के अनुकूल नहीं हैं।
ये भी पढ़ें: जिम में दमदार वर्कआउट करने लगे दादाजी… वायरल हुआ वीडियो, लोग बोले- “जियो चाचा!”
ट्रंप का कहना है कि इन सभी कदमों का उद्देश्य अवैध रूप से रह रहे लोगों की संख्या कम करना और उन लोगों को हटाना जिन्हें वे अमेरिकी सुरक्षा व समाज के लिए नुकसानदायक मानते हैं। उन्होंने फिर दोहराया कि बाइडेन सरकार के दौर में जिन लोगों को गैर-कानूनी ऑटोपेन प्रक्रिया के जरिए मंजूरी दी गई, उनकी भी जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें अमेरिका से निकाल दिया जाएगा।