इंटरनेशन डेस्कः अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर से एक नई समय-सीमा दी है। उन्होंने कहा है कि अगर ईरान जल्द ही होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को नहीं खोलता और समझौता नहीं करता, तो उसे गंभीर परिणाम झेलने पड़ सकते हैं।
हमले का समय तय?
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा “मंगलवार रात 8 बजे (ईस्टर्न टाइम)” इस पोस्ट के बाद यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि यह समय किसी संभावित कार्रवाई या हमले का हो सकता है।
ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी दी है
ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के ऊर्जा ठिकानों और इंफ्रास्ट्रक्चर (जैसे बिजली घर, पुल आदि) को निशाना बना सकता है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो “सब कुछ तबाह कर दिया जाएगा।”
पहले भी दिया था अल्टीमेटम
ट्रंप पहले ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम दे चुके थे। लेकिन बाद में इस समय-सीमा को कई बार बढ़ाया गया। अब नई डेडलाइन 8 अप्रैल की रात तक कर दी गई है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा अभी भी समझौते की संभावना है। लेकिन अगर बात नहीं बनी, तो वे कड़ी कार्रवाई करेंगे
ईरान की जनता को लेकर दावा
ट्रंप ने यह भी कहा ईरान के आम लोग अपनी सरकार से खुश नहीं हैं और वे अमेरिका की कार्रवाई का समर्थन कर सकते हैं।
हमला बढ़ने की आशंका
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान का एक बड़ा पुल पहले ही हमले में गिराया जा चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समझौता नहीं हुआ, तो और बड़े हमले हो सकते हैं।
आगे क्या हो सकता है?
अभी हालात बहुत नाजुक बने हुए हैं। एक तरफ बातचीत की कोशिशें जारी हैं। दूसरी तरफ सख्त बयान और हमले की धमकियां भी बढ़ रही हैं। आने वाले कुछ दिन बहुत महत्वपूर्ण हैं। अगर समझौता नहीं हुआ, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।