इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि उसके पास अमेरिका के साथ शांति समझौता करने के लिए ज्यादा समय नहीं बचा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि घड़ी चल रही है यानी ईरान को जल्द फैसला लेना होगा।
व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने पारंपरिक हथियारों के जरिए ही ईरान को काफी नुकसान पहुंचाया है, इसलिए परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी दोहराया कि परमाणु हथियारों का इस्तेमाल किसी भी देश को नहीं करना चाहिए और वे इस संघर्ष को परमाणु युद्ध में बदलना नहीं चाहते।
ये भी पढ़ें: आज का राशिफल: इन 2 राशियों के लिए आज का दिन भारी, चोट-चपेट की आशंका और लापरवाही से नुकसान संभव
इसी बीच ईरान की राजधानी तेहरान में धमाकों की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि युद्धविराम लागू होने के करीब दो हफ्ते बाद यह पहली ऐसी घटना है हालांकि इन धमाकों की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है और इज़राइल ने भी इसमें किसी तरह की भूमिका होने से इनकार किया है।
Strait of Hormuz इस समय तनाव का बड़ा केंद्र बन गया है, यह दुनिया में तेल और गैस सप्लाई के लिए बेहद अहम रास्ता है। ट्रंप ने अमेरिकी नौसेना को आदेश दिया है कि अगर कोई ईरानी नाव इस इलाके में बारूदी सुरंग बिछाते हुए दिखाई दे तो उसे तुरंत नष्ट कर दिया जाए। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका के पास समय है, लेकिन ईरान के पास नहीं।
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान की सैन्य ताकत कमजोर हो चुकी है और अगर हालात नहीं सुधरे तो स्थिति और खराब हो सकती है। फिलहाल दोनों देशों के बीच पाकिस्तान में प्रस्तावित शांति वार्ता भी अनिश्चित बनी हुई है।
इस बीच अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा दी है। उसने अपना विमानवाहक पोत USS George H. W. Bush इस क्षेत्र में तैनात कर दिया है। अब यहां अमेरिकी नौसेना के तीन बड़े युद्धपोत मौजूद हैं। हाल ही में अमेरिकी सेना ने हिंद महासागर में एक जहाज को भी रोका था, जो ईरान से तेल लेकर जा रहा था। दूसरी ओर ईरान ने भी जवाबी कदम उठाते हुए होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाना शुरू कर दिया है, जिससे वह आर्थिक लाभ लेने की कोशिश कर रहा है।
ये भी पढ़ें: मौसम: भीषण गर्मी के बीच IMD ने दी राहत भरी खबर, 13 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट

