Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

ईरान से वसूलेंगे जहाजों को हुए नुकसान का खर्च, होर्मुज की स्थिति बेहतर: ट्रंप

July 28, 2026

ईरान से वसूलेंगे जहाजों को हुए नुकसान का खर्च, होर्मुज की स्थिति बेहतर: ट्रंप

Donald Trump Iran Funds: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के नियंत्रण में मौजूद ईरान के फंड का इस्तेमाल संघर्ष के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए किया जाएगा। एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने यह घोषणा की। उन्होंने इस सुझाव को खारिज कर दिया कि अमेरिका अपनी सरकारी राशि से शिपिंग कंपनियों को मुआवजा देगा।

ट्रंप ने कहा, “नहीं, बिल्कुल नहीं। हम नुकसान की भरपाई के लिए ईरान के पैसे का इस्तेमाल करेंगे। दूसरे शब्दों में कहें तो, ईरान का वह पैसा जो हमारे नियंत्रण में है, उसी से उनके द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई की जाएगी। यह अच्छा विचार है, है ना? बुरा नहीं है। आपको इसका श्रेय मिलना चाहिए।”

अमेरिका ईरान की बातचीत जारी
हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि अमेरिका के नियंत्रण में ईरान की कितनी राशि है, किन शिपिंग कंपनियों को मुआवजा मिलेगा और यह भुगतान किस प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति अब काफी बेहतर हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है।

ये भी पढ़ें- CWG 2026: भारत को एक और गोल्ड, एक दिन में जीते 4 मैडल

 

ईरान का तटीय इलाका तबाह
ट्रंप ने कहा, “उनका पूरा तटीय इलाका तबाह हो चुका है। जलडमरूमध्य की स्थिति अब बहुत अच्छी है और हम इस समय बातचीत कर रहे हैं।” उन्होंने दावा किया कि बातचीत जारी रहने के दौरान ईरान ने हमलों पर विराम लगाने का अनुरोध किया था। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि यदि कोई समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका दोबारा सैन्य कार्रवाई शुरू कर सकता है।

ईरान ने किया बैठक का अनुरोध: ट्रंप
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि किसी समझौते की अच्छी संभावना है। अगर ऐसा होता है तो अच्छा है। अगर नहीं हुआ तो हम वही करेंगे जो हम दो दिन पहले कर रहे थे।” ट्रंप ने यह भी दावा किया कि भारी अमेरिकी सैन्य दबाव के बाद ईरान ने मध्यस्थों और सीधे संपर्क के जरिए बैठक का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, “वे मिलना चाहते हैं और हम मिल रहे हैं। देखते हैं क्या होता है। समझौते की संभावना है। अगर हमने वह कार्रवाई नहीं की होती, तो वे हमसे बात भी नहीं कर रहे होते।”

ये भी पढ़ें- FRS के माध्यम से दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा, प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पर पहुंचे 2,873 आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोग

वेनेजुएला मामले से की तुलना
ट्रंप ने ईरान के प्रति अपनी नीति की तुलना वेनेजुएला के मामले में अमेरिका की कार्रवाई से भी की। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला से प्राप्त धन से अमेरिका ने अपने खर्च की भरपाई की थी और ईरान के मामले में भी ऐसा ही होगा। उन्होंने कहा, “हमने उस युद्ध की लागत कई गुना वसूल कर ली थी और ईरान के मामले में भी ऐसा ही होगा।”

जब उनसे पूछा गया कि वेनेजुएला से प्राप्त धन का उपयोग कहां किया जा रहा है, तो ट्रंप ने कहा कि वह “देश चलाने” में इस्तेमाल हो रहा है और कांग्रेस की मंजूरी मिलने पर उसे सेना के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

कच्चे तेल के व्यापार के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग
होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। यह खाड़ी क्षेत्र के देशों से कच्चे तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) के निर्यात का एक बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। भारत जैसे ऊर्जा आयातक देशों के लिए भी यह मार्ग रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें