Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Donald Trump ने एक बार फिर की PM मोदी की तारीफ, बोले- वे बहुत अच्छे हैं, युद्धों से दूर रहते हैं

June 20, 2026

Donald Trump ने एक बार फिर की PM मोदी की तारीफ, बोले- वे बहुत अच्छे हैं, युद्धों से दूर रहते हैं

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर प्रशंसा की है। हाल ही में फ्रांस में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद दिए गए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने मोदी को एक महान और प्रभावशाली नेता बताया। उन्होंने कहा कि मोदी बहुत अच्छे हैं। वे युद्धों से दूर रहते हैं, जो कि समझदारी है।

इंटरव्यू के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि दुनिया के किन नेताओं की वह सबसे ज्यादा सराहना करते हैं, तो उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग का नाम लिया। ट्रंप ने कहा कि मोदी लगभग 1.5 अरब लोगों का नेतृत्व कर रहे हैं और दुनिया के सबसे बड़े देशों में से एक भारत को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रहे हैं।

ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों देशों के बीच अब अधिक संतुलित और निष्पक्ष व्यापार हो रहा है। उनके अनुसार, मोदी एक ऐसे नेता हैं जो कठिन परिस्थितियों में भी आसानी से हार नहीं मानते और शारीरिक तथा मानसिक रूप से बेहद मजबूत हैं। हालांकि, जब उनसे दुनिया के सबसे कमजोर नेताओं के बारे में पूछा गया तो उन्होंने किसी का नाम लेने से इनकार कर दिया। इस दौरान उन्होंने जी7 सम्मेलन में रूस की गैर-मौजूदगी का भी जिक्र किया। ट्रंप ने कहा कि पहले यह समूह जी8 के नाम से जाना जाता था, लेकिन 2014 में क्रीमिया विवाद के बाद रूस को इसमें से बाहर कर दिया गया था।

इंटरव्यू में ट्रंप ने इजरायल और ईरान के बीच तनाव पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने दावा किया कि वैश्विक नेताओं ने उनकी नेतृत्व क्षमता को स्वीकार किया है। इजरायल उनके विचारों और सुझावों का सम्मान करता है और दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध हैं।

उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ अपने रिश्तों को अच्छा बताया। हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि समय-समय पर इजरायल को संतुलित और समझदारी भरे फैसले लेने की सलाह देना जरूरी होता है।

ईरान को लेकर अपनी नीति पर उठ रही आलोचनाओं के जवाब में ट्रंप ने कहा कि उनकी रणनीति का उद्देश्य अमेरिका के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने दावा किया कि ईरान के साथ चल रहे विवाद में अमेरिका की स्थिति मजबूत बनी हुई है और उनकी नीतियों से सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें