Site icon Dainik Savera Times

Dubai में अब घर खरीदना हुआ आसान, प्रॉपर्टी और वीजा के लिए जारी किए नए नियम

Dubai New Rules Issued

Dubai New Rules Issued

इंटरनेशनल डेस्क: दुबई में रियल एस्टेट निवेश को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है, जिससे भारतीय निवेशकों सहित वैश्विक खरीदारों के लिए वहां प्रॉपर्टी खरीदना पहले से आसान हो सकता है। दुबई भूमि विभाग के नए नियमों के अनुसार अब व्यक्तिगत खरीदारों के लिए न्यूनतम निवेश सीमा को घटा दिया गया है।

निवेश सीमा में बड़ी राहत

पहले जहां किसी एक व्यक्ति को दुबई में प्रॉपर्टी खरीदने के लिए लगभग 7.5 लाख दिरहम (करीब 1.93 करोड़ रुपये) का न्यूनतम निवेश करना जरूरी था, वहीं अब यह सीमा घटाकर लगभग 4 लाख दिरहम (करीब 1 करोड़ रुपये) कर दी गई है। इस बदलाव के बाद उन लोगों को राहत मिलेगी जो अकेले निवेश करना चाहते हैं और लंबे समय से दुबई में संपत्ति खरीदने की योजना बना रहे थे।

वीजा से जुड़ी सुविधा भी आसान

नए नियमों के तहत प्रॉपर्टी निवेश करने वाले खरीदारों को 2 साल का रेजिडेंसी वीजा प्राप्त करने में भी आसानी होगी। माना जा रहा है कि यह कदम विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने और रियल एस्टेट बाजार को और सक्रिय बनाने के लिए उठाया गया है।

कीमतों पर असर नहीं

अधिकारियों के अनुसार, इस फैसले का दुबई की संपत्ति कीमतों पर सीधा असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, न्यूनतम निवेश सीमा कम होने से छोटे और मध्यम निवेशकों के लिए बाजार में प्रवेश आसान हो जाएगा। इससे खासकर वे लोग लाभान्वित होंगे जो सीमित बजट में अंतरराष्ट्रीय प्रॉपर्टी में निवेश करना चाहते हैं।

ये भी पढ़ें…

बाजार में पहले से मजबूत मांग

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले वर्ष दुबई में लगभग 917 अरब दिरहम की संपत्ति बिक्री दर्ज की गई थी, जो वहां के रियल एस्टेट बाजार की मजबूत मांग को दर्शाता है। भारतीय निवेशकों की हिस्सेदारी भी इसमें काफी महत्वपूर्ण रही है, जिन्होंने कुल लेनदेन का 20% से अधिक योगदान दिया।

Exit mobile version