Site icon Dainik Savera Times

प्लेन में पायलटों में चाकूबाजी, फिर Hijack Signal…, Dubai से Tel Aviv जा रही फ्लाइट में क्या-क्या हुआ?

इंटरनेशनल न्यूजः दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में हवा के दौरान ऐसी घटना सामने आई, जिसके बाद विमान को अपना रास्ता बदलकर सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। घटना के बाद इजरायल में भी सुरक्षा एजेंसियां ​​सतर्क हो गईं।

ये भी पढ़ें :-

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, दुबई से उड़ान भरने के बाद बोइंग 737 विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा। महज दो मिनट के भीतर विमान करीब 17,400 फीट नीचे आ गया। विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई से घटकर लगभग 16,600 फीट पर पहुंच गया। स्थिति बिगड़ने पर विमान ने ‘7700’ यानी जनरल इमरजेंसी कोड भेजा। इसके कुछ समय बाद ट्रांसपोंडर कोड बदलकर ‘7500’ कर दिया गया, जो आम तौर पर विमान के हाईजैक या गैरकानूनी हस्तक्षेप की स्थिति का संकेत देता है। इस कोड के सामने आते ही घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जाने लगीं।

हालांकि, शुरुआती आशंकाओं के बाद इजरायली मीडिया और सुरक्षा अधिकारियों की ओर से सामने आई जानकारी में एक अलग तस्वीर सामने आई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान को किसी बाहरी आतंकी हमले का सामना नहीं करना पड़ा था, बल्कि कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच कथित तौर पर गंभीर झड़प हुई थी।

‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ की रिपोर्ट के अनुसार, विमान में सवार कुछ यात्रियों ने दावा किया कि कॉकपिट के अंदर एक पायलट पर चाकू से हमला किया गया था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि कुछ यात्रियों ने क्रू की मदद कर कथित हमलावर को काबू करने में सहायता की। एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया कि दोनों पायलटों के बीच विवाद के दौरान एक पायलट विमान को क्रैश करने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि और घटना की पूरी परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

करीब 180 इजरायली यात्री थे सवार

हाईजैक का संकेत मिलने के बाद इजरायल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तत्काल प्रतिक्रिया हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेल अवीव ने स्थिति पर नजर रखने के लिए लड़ाकू विमानों को भी रवाना किया। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक कर घटनाक्रम की जानकारी ली। आखिरकार विमान को सऊदी अरब के तबूक स्थित सैन्य और नागरिक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित रहे।

यूएई और इजरायल के बीच 2020 में राजनयिक संबंध सामान्य होने के बाद दोनों देशों के बीच नियमित व्यावसायिक उड़ानें संचालित होती रही हैं। ऐसे में इस घटना ने विमानन सुरक्षा और उड़ान के दौरान कॉकपिट में हुई कथित झड़प को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें :-

Exit mobile version