इंटरनेशनल डेस्क: वेनेजुएला में कुछ दिन पहले आए विनाशकारी दोहरे भूकंप के बाद अब एक बार फिर धरती कांप उठी है। शुक्रवार को देश के उत्तरी तटीय क्षेत्र में 4.9 तीव्रता का नया भूकंप आया। लगातार आ रहे झटकों से पहले से डरे हुए लोगों में फिर से अफरा-तफरी मच गई और कई इलाकों में लोग घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।
इस नए भूकंप का असर राजधानी काराकास और माराके सहित आसपास के कई क्षेत्रों में महसूस किया गया। भूकंप के झटके लगते ही लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। वहीं मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटी बचाव टीमों को भी अपनी सुरक्षा के लिए कुछ समय के लिए राहत अभियान रोकना पड़ा। लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स के कारण राहत और बचाव कार्य पहले से अधिक कठिन हो गए हैं।
दो दिन पहले आए थे दो बड़े भूकंप
इससे पहले बुधवार शाम को वेनेजुएला में कुछ ही मिनटों के अंतराल पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे। इन झटकों ने कई शहरों में भारी तबाही मचा दी। हजारों मकान, बहुमंजिला इमारतें और अन्य निर्माण ढह गए, जिससे कई इलाके मलबे में बदल गए।
सरकारी जानकारी के अनुसार, इस भीषण आपदा में अब तक कम से कम 920 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 3,360 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि 172 लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं और 50 हजार से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
राहत कार्य में कई मुश्किलें
देशभर से बचाव दल, स्वयंसेवक और स्थानीय लोग मिलकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन टूटी हुई सड़कें, भारी मशीनों की कमी और अंतरराष्ट्रीय सहायता समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण राहत कार्य धीमी गति से चल रहा है। सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में कई परिवार अपने रिश्तेदारों को बचाने के लिए खुद ही मलबा हटाने में जुटे हैं। लोग कंक्रीट के बड़े टुकड़ों और लोहे के सरियों को हाथों से हटाकर अपनों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के ढहने से बढ़ी चिंता
सबसे ज्यादा नुकसान ला गुएरा शहर के ह्यूगो शावेज हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में हुआ है, जहां कई इमारतें पूरी तरह गिर गईं। आशंका है कि बड़ी संख्या में लोग अब भी मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। पीड़ित परिवार लगातार प्रशासन से क्रेन, जेसीबी और अन्य भारी मशीनें उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं ताकि तेजी से राहत कार्य किया जा सके।
अस्पतालों पर बढ़ा दबाव
हजारों लोगों के घायल होने के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई अस्पताल पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं और अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाएं जुटाई जा रही हैं, जिन लोगों के घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, उन्हें अस्थायी राहत शिविरों में ठहराया गया है, जहां भोजन, दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।
सरकार पर बढ़ा दबाव
राहत कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज की सरकार पर जनता और विपक्ष का दबाव बढ़ता जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों के लोग जल्द से जल्द राहत सामग्री, चिकित्सा सहायता और बचाव संसाधन पहुंचाने की मांग कर रहे हैं।
अरबों डॉलर का नुकसान
संयुक्त राष्ट्र के शुरुआती आकलन के अनुसार, इस भीषण भूकंप से वेनेजुएला को लगभग 6.7 अरब डॉलर का आर्थिक नुकसान हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह देश के इतिहास में पिछले कई दशकों की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदाओं में से एक है। राहत और पुनर्वास कार्यों में अभी लंबा समय लग सकता है और लगातार आ रहे झटकों के कारण स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

