Site icon Dainik Savera Times

Earthquake : भूकंप के झटकों से कांपा भारत का पड़ोसी देश, जानें कितनी रही तीव्रता

Earthquake

Nepal Earthquake : नेपाल की धरती एक बार फिर भूकंप से कांप उठी है। आपको बता दें कि भूकंप रात 8 बजकर 10 मिनट 34 सेकंड पर आया और इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 दर्ज की गई। झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से निकलकर खुले स्थानों की ओर दौड़ पड़े।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार भूकंप का केंद्र 28.27° उत्तर अक्षांश और 82.72° पूर्व देशांतर पर था, जिसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर बताई जा रही है। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। हालांकि कम तीव्रता होने के बावजूद इस भूकंप ने लोगों में भय का माहौल बना दिया।

12 सितंबर को भी आया था भूकंप
इससे पहले नेपाल में 12 सितंबर को भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस समय शाम 7 बजकर 52 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता 5.0 मापी गई थी। इसके झटके उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए थे। नेपाल भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र है, जहां हर साल छोटे और मध्यम स्तर के कई भूकंप आते रहते हैं।

बता दें कि नेपाल को 25 अप्रैल 2015 की वह भयावह घटना आज भी याद है जब 7.8 तीव्रता के भीषण भूकंप ने तबाही मचा दी थी। उस आपदा में लगभग 9,000 लोगों की मौत हुई थी और 22,000 से अधिक लोग घायल हुए थे।

भारत में भी झटके महसूस
नेपाल में आए भूकंप से पहले भारत के पूर्वोत्तर और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी रविवार को भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे। शाम 4 बजकर 41 मिनट पर आए पहले झटके की तीव्रता 5.8 मापी गई। इसके बाद डेढ़ घंटे के भीतर तीन और झटके महसूस किए गए 4:58 बजे 3.1 तीव्रता, 5:21 बजे 2.9 तीव्रता और 6:11 बजे 2.7 तीव्रता। तीसरे झटके का केंद्र असम के सोनितपुर में, जबकि बाकी तीन झटकों का केंद्र उदालगुड़ी जिले में था। इन झटकों से असम में दो लड़कियां घायल हुईं और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए।

Exit mobile version