Site icon Dainik Savera Times

Earthquake: फिर भूकंप से कांपी पाकिस्तान की धरती… दो दिनों में लगा दूसरा झटका, जानें तीव्रता

Earthquake in Pakistan Karachi

Pakistan Earthquake : पाकिस्तान में लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। बुधवार तड़के 3.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिसकी पुष्टि राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने की है। जानकारी के मुताबिक भूकंप 20 अगस्त 2025 को सुबह 2:38 बजे (आईएसटी) दर्ज किया गया।

एनसीएस ने बताया कि भूकंप का केंद्र पाकिस्तान में 170 किलोमीटर की गहराई पर था। इसका लोकेशन अक्षांश 29.86° उत्तर और देशांतर 71.09° पूर्व में दर्ज हुआ। राहत की बात यह है कि इस भूकंप से किसी तरह के नुकसान या जनहानि की खबर नहीं है।

एक दिन पहले भी आया था तेज झटका

इससे ठीक एक दिन पहले, मंगलवार को भी पाकिस्तान के कई हिस्सों में भूकंप आया था। उस समय भूकंप की तीव्रता 5.2 मापी गई थी। इसका असर इस्लामाबाद, रावलपिंडी, पेशावर, स्वात, चित्राल और एबटाबाद में महसूस किया गया था।

पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग (पीएमडी) के मुताबिक यह भूकंप सुबह करीब 10:20 बजे आया था और इसका केंद्र अफ़ग़ानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में था। उस समय केंद्र की गहराई करीब 190 किलोमीटर मापी गई थी।

पाकिस्तान में क्यों आते हैं बार-बार भूकंप?

विशेषज्ञों के अनुसार पाकिस्तान तीन प्रमुख टेक्टोनिक प्लेटों – अरब, यूरो-एशियाई और भारतीय प्लेटों पर स्थित है। इन प्लेटों की हलचल और कई भ्रंश रेखाओं के कारण यह क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, हिंदू कुश इलाका दुनिया के सबसे सक्रिय भूकंपीय क्षेत्रों में से एक है। यहां भारतीय और यूरेशियन प्लेटों के टकराव से लगातार हलचल बनी रहती है और कई बार 200 किलोमीटर से अधिक गहराई वाले भूकंप भी दर्ज किए जाते हैं।

Exit mobile version