इंटरनेशनल डेस्क Egypt Fire : मिस्र के नील डेल्टा क्षेत्र के महल्ला शहर में एक भयानक हादसा हुआ। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, एक इमारत में आग लगने के बाद उसका एक हिस्सा कागज की तरह ढह गया, जिससे कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए। महल्ला शहर, जो काहिरा से लगभग 103 किलोमीटर उत्तर में स्थित है, ग़रबिया प्रांत में आता है और कपड़ा उद्योग के लिए जाना जाता है।
आग कैसे लगी?
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इमारत में आग एक बॉयलर में विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। इससे इमारत की दूसरी मंज़िल पर स्थित कपड़ों की रंगाई फैक्ट्री में आग फैल गई। आग की लपटों और ढहते हिस्सों की वजह से कई लोग मलबे में दब गए। शुरुआती रिपोर्ट में आठ लोगों की मौत और तीन के मलबे में दबे होने की जानकारी दी गई थी। बाद में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि मृतकों में मलबे में दबे लोग शामिल हैं या नहीं।
राहत और बचाव कार्य
मिस्र के गवर्नर अशरफ़ अल-गेंडी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि आपातकालीन दलों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाया जा रहा है। वहीं, आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग के कुछ कर्मियों की भी मौत हुई। घायलों में से 26 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 7 लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर है और वे आईसीयू में हैं।
इस तरह की घटनाओं का सिलसिला जारी
मिस्र में हाल ही में इस तरह की घटनाओं का सिलसिला जारी है। जुलाई में काहिरा में एक टेलीकॉम कंपनी के मुख्यालय में भीषण आग लगी थी, जिसमें कम से कम 14 लोग घायल हुए थे। उस समय अस्थायी रूप से इंटरनेट और मोबाइल सेवाओं में बाधा भी आई थी।

