Elections Begin in Poland: इंटरनेशनल डेस्क: पोलैंड में रविवार को राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है, जो देश के राजनीतिक भविष्य के साथ-साथ यूरोपीय संघ के साथ उसके संबंधों की दशा और दिशा को भी तय कर सकता है।
-इन उम्मीदवारों के बीच टक्कर
इस बार की टक्कर दो प्रमुख उम्मीदवारों के बीच है: एक ओर वारसॉ के उदारवादी और यूरोपीय संघ समर्थक मेयर रफाल ट्रजास्कोवस्की, और दूसरी ओर दक्षिणपंथी ‘लॉ एंड जस्टिस पार्टी’ द्वारा समर्थित रूढ़िवादी इतिहासकार करोल नवरोकी।
देश के वर्तमान राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा का दूसरा और अंतिम कार्यकाल समाप्त हो रहा है, ऐसे में यह चुनाव पोलैंड की लोकतांत्रिक संरचना और अंतरराष्ट्रीय नीति के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है।
-इस समय होगा मतदान
पोलेंड में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और रात 9 बजे तक चलेगा। चुनाव परिणाम सोमवार को घोषित किए जाने की उम्मीद है।
18 मई को हुए पहले दौर में किसी भी उम्मीदवार को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। ट्रजास्कोवस्की को करीब 31% और नवरोकी को 30% वोट मिले थे, जबकि बाकी 11 उम्मीदवार दौड़ से बाहर हो गए थे।
-राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि
यह चुनाव न सिर्फ पोलैंड के आंतरिक लोकतांत्रिक ताने-बाने पर असर डालेगा, बल्कि यह भी तय करेगा कि देश यूरोपीय मूल्यों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा या फिर अपनी संप्रभुता की दिशा में अधिक राष्ट्रवादी रुख अपनाएगा। मतदाताओं की भागीदारी और उनकी प्राथमिकताएं इस चुनाव को ऐतिहासिक बना सकती हैं। अब नजरें टिकी हैं सोमवार को आने वाले नतीजों पर, जो यह स्पष्ट करेंगे कि पोलैंड किस दिशा में अग्रसर होगा।

