Site icon Dainik Savera Times

‘अगले ही दिन बना दूंगा नई पार्टी’, मस्क ने ट्रम्प को दी खुली चेतवानी

Elon Musk vs Donald Trump

Elon Musk vs Donald Trump

Elon Musk vs Donald Trump : एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप के बीच एक बार फिर से विवाद बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। मस्क ने एक बार फिर ट्रम्प द्वारा पेश ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे पागलपन करार दिया है। इस दौरान मस्क ने ट्रंप को कहा कि अगर यह बिल पास हो जाएगा तो अगले ही दिन ‘अमेरिका पार्टी’ का गठन हो जाएगा।

मस्क ने ट्रंप को चेतावनी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर कहा, “अगर यह पागलपन भरा खर्च बिल पास हो जाता है, तो अगले ही दिन अमेरिका पार्टी का गठन हो जाएगा। हमारे देश को डेमोक्रेट-रिपब्लिकन यूनिपार्टी के विकल्प की जरूरत है ताकि लोगों के पास वास्तव में आवाज हो।”

बिग ब्यूटीफुल बिल क्या है?
मिली जानकारी के अनुसार, बिग ब्यूटीफुल बिल डोनाल्ड ट्रम्प के चुनावी एजेंडे का हिस्सा है और वो इसे अपने वादों को पूरा करने के लिए लेकर आए है। इस बिल का मकसद सीमा सुरक्षा में अधिक खर्च, सरकारी कार्यक्रमों को कम करना और टैक्स कटौती में विस्तार करना है। इस बिल के लागू होने के बाद पड़ने वाले प्रभावों के बारे में बहस जारी है।

मस्क का दावा-
मस्क ने हाल ही में एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि रिपब्लिकन पार्टी के सांसद एक ऐसा बिल पास करने की कोशिश कर रहे हैं, जो अमेरिका में लाखों नौकरियों को खत्म कर देगा। मस्क का मानना है कि यह बिल उभरते उद्योगों को गंभीर नुकसान पहुंचाएगा, जबकि इससे सिर्फ पुराने उद्योगों को कुछ लाभ होगा। यह बिल अमेरिका की ऋण सीमा को रिकॉर्ड 5 ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ा सकता है। मस्क ने चेतावनी दी है कि इस कदम से केवल आर्थिक नुकसान नहीं होगा, बल्कि देश की रणनीति पर भी बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि एक नई पार्टी के गठन का समय आ गया है।

ऐसे बिगड़े रिश्ते-
चुनावों के दौरान एलन मस्क ट्रंप के समर्थन में थे। ट्रंप के चुनाव जीतने के बाद मस्क को DOGE विभाग भी मिला था। लेकिन दोनों के रिश्तों में खटास आने के बाद मस्क ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से मस्क ट्रंप की नीतियों पर खुलकर सवाल उठा रहे है। उन्होंने ट्रंप को एहसान फरामोश भी कहा था। उन्होंने कहा था की ट्रंप उनकी मदद के बिना चुनाव हार जाते। इसके बाद कुछ ही दिनों में मस्क ने अपने ब्यान को लेकर खेद भी जताया था।

Exit mobile version