Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तरी म्यांमार में नस्ली प्रतिरोध समूह का दावा, सेना की पूरी बटालियन ने किया आत्मसमर्पण 

November 15, 2023

उत्तरी म्यांमार में नस्ली प्रतिरोध समूह का दावा, सेना की पूरी बटालियन ने किया आत्मसमर्पण 
बैंकॉकः चीन से लगी सीमा के पास तैनात म्यांमार की सेना की एक पूरी बटालियन ने नस्ली सशस्त्र समूहों के गठबंधन के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सशस्त्र समूहों में से एक के प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी। गठबंधन ने पिछले महीने सेना के खिलाफ एक आश्चर्यजनक हमला शुरू किया था। पूवरेत्तर शान राज्य में पैदल सेना बटालियन से 261 लोगों – 127 सैनिकों और उनके परिवार के 134 सदस्यों – का आत्मसमर्पण, म्यांमार में 2021 में व्यापक सशस्त्र संघर्ष छिड़ने के बाद नियमित सैन्य बलों द्वारा किया गया सबसे बड़ा आत्मसमर्पण प्रतीत होता है। सेना ने फरवरी 2021 में आन सान सू ची की निर्वाचित सरकार से सत्ता छीन ली थी।
प्रवक्ता ने कहा कि गठबंधन को उम्मीद है कि वह जल्द ही क्षेत्र के प्रमुख शहर लाउक्केइंग पर कब्जा कर लेगा। सैन्य सरकार ने इस आत्मसमर्पण की पुष्टि नहीं की है और ‘एसोसिएटेड प्रेस’ भी स्वतंत्र रूप से इसकी प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका है। यह आत्मसमर्पण खुद को ‘थ्री ब्रदरहुड एलायंस’ कहने वाली अराकान सेना, म्यांमार नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस आर्मी और तांग नेशनल लिबरेशन आर्मी द्वारा 27 अक्टूबर को सैन्य सरकार के खिलाफ एक समन्वित आक्रमण शुरू करने के दो सप्ताह बाद हुआ।
गठबंधन ने व्यापक जीत का दावा किया है और सैन्य सरकार ने दो नवंबर को एक दुर्लभ स्वीकारोक्ति की कि उसने तीन शहरों पर नियंत्रण खो दिया है, जिनमें से एक चीन के साथ व्यापार के लिए एक प्रमुख सीमाबिंदु है। शान राज्य के उत्तरी भाग में हमले को सेना के लिए एक महत्वपूर्ण चुनौती के रूप में देखा गया है। 2021 में सेना के सत्ता पर कब्जा करने के बाद उसके खिलाफ स्थापित लोकतंत्र समर्थक सशस्त्र समूह पीपुल्स डिफेंस फोर्स के सदस्यों की ओर से उसे लगातार प्रतिरोध का सामना करना पड़ रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें