इंटरनेशनल डेस्क : शांगहाई वाणिज्य आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष फ़रवरी के अंत तक शांगहाई में बहुराष्ट्रीय कंपनियों के क्षेत्रीय मुख्यालयों और विदेशी पूंजी के अनुसंधान एवं विकास केंद्रों की संख्या क्रमशः 1084 और 647 तक पहुँच गई है। वहीं, वर्ष 2025 के दौरान शांगहाई में विदेशी पूंजी से संचालित 6300 से अधिक नए उद्यम स्थापित किए गए।
अमेरिकी बायो-फ़ार्मा कंपनी AbbVie की चीन क्षेत्र की महाप्रबंधक तुंग लीचुन ने मीडिया को बताया कि चीन न केवल कंपनी के वैश्विक स्तर पर सबसे महत्वपूर्ण बाज़ारों में से एक है, बल्कि इसकी नवाचार-आधारित रणनीति का केंद्रीय इंजन भी बन चुका है। उन्होंने कहा कि भविष्य में अधिक महत्वपूर्ण व्यावसायिक निर्णय शांगहाई में लिए जाएंगे, जिससे चीनी बाज़ार के प्रति कंपनी की प्रतिक्रिया और तेज़ होगी तथा स्थानीय मांग को बेहतर ढंग से समझा जा सकेगा।
इसी तरह, Reckitt कंपनी के बृहद चीन क्षेत्र के प्रभारी छन चुन ने बताया कि एशिया में कंपनी का सबसे बड़ा अनुसंधान एवं विकास केंद्र शांगहाई में स्थापित किया जा रहा है, जिसमें 30 करोड़ युआन का निवेश किया गया है। इस पहल का उद्देश्य चीनी उपभोक्ताओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण और नवाचार-आधारित सेवाएँ प्रदान करना है। उन्होंने यह भी कहा कि चीन कंपनी के सबसे बड़े बाज़ारों में से एक है और भविष्य में यहाँ अपने कारोबार का विस्तार जारी रखा जाएगा।
परिचय के अनुसार, शांगहाई प्रशासन संस्थागत खुलेपन को और बढ़ावा देने, अंतरराष्ट्रीय स्तर का व्यावसायिक वातावरण निरंतर सुधारने और विदेशी निवेश के लिए मज़बूत समर्थन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

