Site icon Dainik Savera Times

ईरान के करमान में हुआ विस्फोट 100 से ज्यादा लोगों के मरने की शंका

तेहरान: ईरान के करमान शहर में बुधवार को विस्फोट की दो घटनाओं में सौ से अधिक लोगों की मौत हो गई और करीब डेढ सौ लोग घायल हुए। अधिकारियों ने इन हमलों को ‘आतंकवाद की कार्रवाई’ बताया है।

ईरान की संवाद समिति और अन्य मीडिया चैनलों की रिपोर्ट के अनुसार ये ताकतवर विस्फोट ईरान के चर्चित सुरक्षा बल रिवोल्यूशनरी गार्ड के पूर्व प्रमुख काशिम सुलेमानी की कब्रगाह के बाहर कुछ अंतराल पर हुए। यह जगह राजधानी तेहरान से 820 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में है। ईरान की प्रमुख संवाद समिति ने केरमान प्रांत के डिप्टी गवर्नर रहमान जलाली के हवाले से कहा है कि यह हमला ‘आतंकवाद की कार्रवाई है।’

मीडिया चैनलों की रिपोर्टों के अनुसार सुलेमानी की आज बरसी थी और इस अवसर पर कब्रगाह के पास लोगों की भीड़ थी। विस्फोटों में103 लोगों के मरने और 141 के घायल होने की रिपोर्ट हैं। हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

कमांडर सुलैमानी को अमेरिका ने जनवरी 2020 में इराक में ड्रोन के जरिए किए गए मिसाइल प्रहार में मार दिया था। उनके जनाजे में उस समय भारी भीड़ जमा हुई थी और भगदड़ में 53 लोग मारे गए थे और दो सौ से अधिक घायल हो गए थे।

कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि बुधवार को केरमान में दोनों विस्फोट करीब दस मिनट के अंतराल पर हुए थे। सुरक्षाकर्मियों ने इलाकों को खाली करा लिया था।

Exit mobile version