Site icon Dainik Savera Times

Pakistan के बलूचिस्तान प्रांत में हुआ विस्फोट, 9 पुलिसकर्मी हुए शहीद, 13 घायल

कराचीः पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सोमवार को एक आत्मघाती हमले में कम से कम नौ सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी हैं। खबराें के अनुसार, यह विस्फोट क्वेटा-सिबी राजमार्ग पर काम्बरी पुल पर बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी कर्मियों के ट्रक के समीप हुआ। काछी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) महमूद नोतेजई ने कहा कि प्रारंभिक सबूतों से पता चलता है कि यह एक आत्मघाती हमला था। बहरहाल, यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि विस्फोट किस तरह का था। उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ता घटनास्थल पर पहुंच गया है और विस्फोट के बाद इलाके की तलाशी ली जा रही है।

नोतेजई ने बताया कि बम हमले में बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी के कम से कम नौ सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गयी और 13 घायल हो गए। अभी तक किसी ने भी हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंचे। खबराें के अनुसार, बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी कर्मी सिबी मेला में ड्यूटी से लौट रहे थे जब उन्हें निशाना बनाया गया। विस्फोट की तीव्रता के कारण ट्रक पलट गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी प्रांतीय पुलिस बल का एक विभाग है जो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और जेलों समेत संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा मुहैया कराता है।

Exit mobile version