
इंटरनेशनल डेस्कः पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बड़ी हिंसक घटना सामने आई है। हरनाई जिले के शहराग इलाके में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने खुलेआम फायरिंग कर दी, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया।
रास्ते में रोककर की पहचान जांच
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने शेख मूसा बाबा चौक के पास एक अस्थायी नाका लगाया हुआ था। वहां से गुजरने वाले लोगों के कम्प्यूटरीकृत राष्ट्रीय पहचान पत्र (CNIC) चेक किए जा रहे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने पहचान जांच का विरोध किया। विरोध बढ़ने पर हमलावरों और लोगों के बीच बहस शुरू हो गई।
बहस के बाद शुरू कर दी गोलीबारी
देखते ही देखते हथियारबंद लोगों ने भीड़ पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मारे गए लोगों की पहचान जमान शाह, जिया-उल-हक, अब्दुल काहिर, मौलवी जाहिद शाह और इकरामुल्लाह शाह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मौलवी जाहिद शाह जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम पार्टी से जुड़े हुए थे।
3 लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी
घटना में नासिर शाह, मुल्ला समद और साकिब शाह घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
कराची में नवविवाहित दंपती की गोली मारकर हत्या
इससे पहले कराची में भी एक दिल दहला देने वाली घटना हुई थी। यहां एक नवविवाहित दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
कोर्ट से लौटते समय हमला
रिपोर्ट के अनुसार, दंपती अदालत से अपनी शादी को कानूनी मान्यता दिलाकर लौट रहा था। तभी कुछ हमलावरों ने उनकी कार का पीछा किया। सऊदाबाद इलाके में आरसीडी मैदान के पास बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली और दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार के खिलाफ जाकर की थी शादी
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला ने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी की थी। महिला ने अदालत में बयान देकर कहा था कि उसने अपनी इच्छा से निकाह किया है।
दंपती ने कोर्ट में अपना निकाहनामा भी पेश किया था, ताकि शादी को कानूनी तौर पर मान्यता मिल सके।
महिला के रिश्तेदारों पर शक
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में महिला के रिश्तेदारों की संलिप्तता सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की कोशिशें जारी हैं।