Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

व्हाइट हाउस में गोलीबारी करने वाले हमलावर पर ट्रंप की हत्या के प्रयास का आरोप दर्ज, इतनी हो सकती है सजा

April 28, 2026

व्हाइट हाउस में गोलीबारी करने वाले हमलावर पर ट्रंप की हत्या के प्रयास का आरोप दर्ज, इतनी हो सकती है सजा

Firing in White House dinner: अमेरिका में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी करने के आरोप में संदिग्ध हमलावर पर राष्ट्रपति की हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि तेजी से की गई जांच और कार्रवाई के कारण एक बड़ा हमला होने से रोक दिया गया। कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की बहादुरी और प्रोफेशनल तरीके से काम करने की वजह से यह खतरनाक घटना टल गई। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति और डिनर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं।

राष्ट्रपति की हत्या की कोशिश
कोर्ट के दस्तावेजों के अनुसार, आरोपी का नाम कोल थॉमस एलन है। उस पर तीन गंभीर आरोप लगाए गए हैं- राष्ट्रपति की हत्या की कोशिश, अपराध करने के लिए एक राज्य से दूसरे राज्य में हथियार ले जाना, और हिंसक अपराध के दौरान गोली चलाना। अटॉर्नी जनरल ने कहा कि इन आरोपों में कड़ी सजा हो सकती है, जिसमें उम्रकैद तक शामिल है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा की कोई जगह नहीं है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- मौसम: कई राज्यों में बदला मौसम, कहीं आंधी तो कहीं लू का असर, इन इलाकों में होगी बारिश

 

जांच में ये बातें आई सामने
जांच के मुताबिक, आरोपी कैलिफोर्निया से ट्रेन के जरिए वॉशिंगटन पहुंचा, वाशिंगटन हिल्टन होटल में रुका और 25 अप्रैल को एक लंबी बंदूक लेकर सुरक्षा जांच वाले स्थान की ओर गया। शाम करीब 8:40 बजे वह सुरक्षा मशीन (मैग्नेटोमीटर) पार करते समय दौड़ा, तभी सुरक्षा कर्मियों को गोली चलने की आवाज सुनाई दी।

बुलेट प्रूफ जैकेट ने बचाई अधिकारी की जान
इस घटना में यूएस सीक्रेट सर्विस के एक अधिकारी के सीने में गोली लगी, लेकिन उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई। अधिकारी ने जवाबी गोली चलाई, जिससे आरोपी जमीन पर गिर पड़ा। उसे मामूली चोटें आईं और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

हमलावर के पास मौजूद थे कई हथियार
अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो ने कहा कि यह मामला “संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति की हत्या की एक कोशिश थी, जिसमें आरोपी ने यह साफ कर दिया कि उसका इरादा क्या था। उन्होंने बताया कि आरोपी सरकार के बड़े अधिकारियों को निशाना बनाना चाहता था। जांचकर्ताओं ने बताया कि एलन के पास कई हथियार थे, जिनमें 12-गेज शॉटगन और .38 कैलिबर की पिस्तौल शामिल थी। अधिकारियों ने हमले से पहले भेजे गए एक घोषणापत्र का भी ज़िक्र किया, जिसमें लक्ष्यों और इरादे का ब्योरा दिया गया था।

ये भी पढ़ें- आज का राशिफल: आज किस राशि पर बरसेगी हनुमान जी की कृपा, जानें 12 राशियों का राशिफल

तेजी से की जा रही जांच
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने बताया कि इस मामले में पूरे देश में जांच की जा रही है। एजेंसियां एक साथ मिलकर काम कर रही हैं और अलग-अलग राज्यों में टीमें भेजी गई हैं। सबूतों की जांच तेजी से की जा रही है। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने एक बड़े हमले को और खतरनाक बनने से रोक दिया और देश की सुरक्षा सुनिश्चित की। अधिकारियों ने यह भी कहा कि जांच अभी जारी है और कुछ जानकारियां सही हैं, जबकि कुछ की पुष्टि अभी बाकी है। सही समय आने पर पूरी जानकारी साझा की जाएगी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें