Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका के मिनेसोटा में गोलीबारी में पांच अधिकारी घायल

अमेरिकी राज्य मिनेसोटा में बृहस्पतिवार को प्रेस्टन शहर के पास गोलीबारी की एक घटना में पांच अधिकारी घायल हो गए। हमले में शामिल संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है।रॉबिन्सडेल के पुलिस प्रमुख जॉन एल्डर ने बताया तीन अधिकारियों को मिनियापोलिस उपनगर में रॉबिन्सडेल के नॉर्थ मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो को सेंट क्लाउड के एक अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि घायल अधिकारियों की हालत खतरे से बाहर है।
एल्डर ने बताया कि फिलहाल उन्हें यह जानकारी नहीं है कि घायल अधिकारी किस विभाग से हैं लेकिन वे विभिन्न एजेंसियों से जुड़े हैं।

बेंटन काउंटी शेरिफ कार्यालय ने कहा कि प्रेस्टन से कुछ मील पश्चिम में स्थित ग्लेनडोरैडो टाउनशिप में हुई एक ‘‘महत्वपूर्ण घटना’’ के संबंध में उसे कई अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सहायता प्रदान की जा रही है। बयान में कहा गया है कि आम जनता के लिए कोई खतरा नहीं है, हालांकि लोगों को इस क्षेत्र से दूर रहना चाहिए। ‘केएमएसपी-टीवी’ पर प्रसारित फुटेज में घटनास्थल पर सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े वाहन और अधिकारी दिखाई देते हैं। यह क्षेत्र मिनियापोलिस से करीब 80 किमी उत्तर पश्चिम में है।

Exit mobile version